home page

श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 | 
श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


पत्रकार सुरक्षा कानून, मीडिया आयोग के गठन, वेतन बोर्ड के गठन, पेंशन, आदि मांगों को लेकर पत्रकारों ने भरी हुंकार

मथुरा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक अधिकारों से जुड़ी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार दोपहर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बैनर तले पत्रकारों ने आवाज बुलंद की। इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर दो अक्तूबर को ‘मांग दिवस’ के रूप में मनाते हुए पत्रकारों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया।

02 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती दिवस पर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन मथुरा इकाई के बैनर तले सैकड़ों पत्रकार सुबह सिविल लाइन पर एकत्रित हुए और वहां से जुलूस के रूप पत्रकार एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां कार्यालय में बैठे जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बाहर आकर पत्रकारों से ज्ञापन लिया तथा अपने उद्बोधन में पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि वो आपकी मांगों को राष्ट्रपति तक निश्चित रूप अवश्य भेजेंगे तथा उनके द्वारा जो भी पत्रकारों हेतु यथासंभव मदद होगी वो की जाएगी।

ज्ञापन में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘पत्रकार सुरक्षा कानून, मीडिया आयोग का गठन, वेतन सबंधित विसंगतियों को दूर करने हेतु नए वेतन बोर्ड का गठन, एक समान पेंशन योजना, पत्रकारों के विरुद्ध बिना जांच के मुकदमा व तत्काल गिरफ्तारी पर रोक, दुर्घटना में मृत व घायल पत्रकारों के परिजनों को एक निश्चित मुआवजा राशि, निजी व सरकारी अस्पतालों में पत्रकारों व उनके परिजनों को निःशुल्क इलाज तथा आयुष्मान योजना का लाभ, पत्रकारों को सड़क मार्ग पर टोल टैक्स में छूट, रेलवे में पूर्व की भांति यात्रा में छूट, जिले में प्रेस क्लब का शीघ्र गठन, पत्रकारों हेतु रियायती दर आवासीय योजना करने सबसे प्रमुख रही। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष एवं आईजेयू के राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यूनियन पत्रकारों के हितों के लिए 24 घंटे तत्पर है। पत्रकारों के उत्पीड़न के मामलों में संगठन मजबूती से आवाज उठाता रहा है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। जिला महासचिव रमेश चंद्रा ने कहा कि पत्रकारिता हितार्थ जो भी कार्य करना पड़ेगा वो करेंगे। वरिष्ठ पत्रकार किशन चतुर्वेदी ने युवा पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसा संघर्ष जारी रहने चाहिए । वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा और मधुसूदन शर्मा ने भी पत्रकारों की मांगों को लेकर निरंतर संघर्ष की बात कही। इस मौके पर जनपदभर के दर्जनों पत्रकारबंधु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार