home page

वृंदावन में स्वामी हरिदास जी का प्राकट्योत्सव धूमधाम से संपन्न, महाभिषेक दर्शन के लिए उमड़े भक्त

 | 
वृंदावन में स्वामी हरिदास जी का प्राकट्योत्सव धूमधाम से संपन्न, महाभिषेक दर्शन के लिए उमड़े भक्त


मथुरा, 19 सितम्बर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में वृंदावन अंतर्गत ठाकुर बांके बिहारी के प्रकटकर्ता, ललिता सखी के अवतार और संगीत सम्राट स्वामी हरिदास जी का प्राकट्योत्सव शनिवार को उनकी साधना स्थली निधिवन राज मंदिर में अत्यंत धार्मिक व सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया।

इस पावन अवसर पर स्वामी जी के श्रीविग्रह का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंचगव्य (दूध, दही, शर्करा, बूरा, घी और शहद) से भव्य महाभिषेक संपन्न हुआ। यह अनुष्ठान सेवायत मयंक गोस्वामी मिंटू और रघु गोस्वामी के सान्निध्य में आयोजित किया गया। महाभिषेक के दौरान पूरा मंदिर परिसर बांके बिहारी और स्वामी हरिदास जी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

उत्सव के अवसर पर मंदिर प्रांगण को दिव्य रूप से सजाया गया था। समाधि स्थल के बाहर देशी-विदेशी फूलों की आकर्षक सजावट की गई थी। वहीं अंदरूनी भाग को सफेद मोतियों से सजाया गया। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने भक्तिमय पद गाकर स्वामी हरिदास जी को बधाई दी और महाभिषेक के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार