home page

लोहिया अस्पताल परिसर में 24.86 करोड़ की लागत से बनेगा रैन बसेरा

 | 
लोहिया अस्पताल परिसर में 24.86 करोड़ की लागत से बनेगा रैन बसेरा


लोहिया अस्पताल परिसर में 24.86 करोड़ की लागत से बनेगा रैन बसेरा


--राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया भूमि पूजन, डायग्नोस्टिक सेवाओं का भी उद्घाटन

--510 बेड क्षमता होगी रैन बसेरे में, मरीजों-तीमारदारों को मिलेगी बड़ी राहत, स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार हो रहा सुधार

लखनऊ, 24 फरवरी(हि.स.)। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के शहीद पथ स्थित राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में रोगियों व उनके परिजनों को ठहरने के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। रोगियों और परिजनों के लिए परिसर में रैन बसेरा भवन बनेगा। मंगलवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रैन बसेरा का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। साथ ही डायग्नोस्टिक सेवाओं का भी उदघाटन हुआ।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में लगातार स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो रही हैं। रोगियों को उनके घर के निकट इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए नए अस्पताल व मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के राम प्रकाश गुप्ता मेमोरियल मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में रोगियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में रोगियों को उच्च कोटि का इलाज मिल सके, इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक रेफरल चिकित्सालय के रोगियों को सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक जांचों के लिए अन्य परिसर अथवा दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता था। जिससे इलाज में विलम्ब होता था। डायग्नोस्टिक सुविधाओं को मातृ शिशु चिकित्सालय में बढ़ाया जाएगा ताकि एक ही स्थान पर रोगियों को इलाज के साथ जांच की सुविधा भी मिल सके।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 24.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पीआरए भवन का भूमि पूजन राज्यपाल ने किया। लगभग 510 बेड क्षमता वाले इस पीआरए/रैन बसेरा भवन का निर्माण होगा। इससे दूर-दराज से आने वाले रोगियों के परिजनों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक ठहराव की सुविधा प्राप्त होगी। इसमें कुल 45 कमरों में 90 बेड की व्यवस्था होगी। साथ ही डॉरमेटरी में 420 बेड की उपलब्धता होगी। रसोई, डायनिंग हॉल, लाण्ड्री, 2 लिफ्ट, भोजन व्यवस्था, लिफ्ट तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया गया है।

उन्होंने जानकारी दी कि शहीद पथ स्थित कैम्पस में 1000 बेड के ब्रॉड स्पेशिलिटी सेवाओं का अस्पताल स्वीकृत हो गया है। यहां 100 शैय्या के क्रिटिकल केयर ब्लॉक हास्पिटल का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। साथ ही 888 कमरों का ब्वायज तथा गर्ल्स हॉस्टल का कार्य भी प्रगति में है। स्पोर्टस कॉप्लेक्स, नर्सिंग कॉलेज इत्यादि कार्य निर्माणाधीन हैं।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, निदेशक, डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान प्रो. सीएम सिंह, सीएमएस, मातृ एवं शिशु रेफरल सेंटर डॉ. श्रीकेश, सीएमएस डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. सुब्रत, डॉ. भुवन चंद्र, डॉ. प्रद्युमन एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा