home page

लखनऊ विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया पोषण माह, संतुलित खान-पान और मोटे अनाज के प्रति छात्रों को किया जागरूक

 | 
लखनऊ विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया पोषण माह, संतुलित खान-पान और मोटे अनाज के प्रति छात्रों को किया जागरूक


लखनऊ, 30 सितंबर (हि.स.)। लखनऊ विश्वविद्यालय के कला संकाय एवं गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को पोषण माह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कला संकाय के अध्यक्ष एवं डीन प्रो. अरविंद मोहन तथा गृह विज्ञान विभाग की समन्वयक डॉ. मीरा सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में संतुलित पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, मोटे अनाज (मिलेट्स) के उपयोग तथा पारंपरिक स्थानीय खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूकता प्रसारित करना रहा।

कुलपति की गरिमामयी उपस्थिति एवं बीएमआई परीक्षण

मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स और प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और प्रयासों की सराहना की। इस दौरान कुलपति ने स्वयं श्आहार परामर्श एवं बीएमआई गणना केंद्रश् में सहभागिता कर अपना बीएमआई (बॉडी मास इंडेक्स) माप कराया और संतुलित आहार संबंधी परामर्श लिया।

भव्य पोषण मेले में विविध गतिविधियों का संगम

समारोह परिसर को मेले के स्वरूप में आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह से प्रतिभाग किया-

मिलेट्स एवं स्थानीय खाद्य काउंटरः बाजरा, ज्वार, रागी, कोदो आदि मोटे अनाज और पारंपरिक व्यंजनों के पौष्टिक गुणों को दर्शाते स्टॉल।

रेसिपी प्रदर्शनीः विद्यार्थियों द्वारा तैयार नवाचारी और पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन।

न्यूट्रिशन गेमिंग जोनः खेलों व पहेलियों के माध्यम से पोषण ज्ञान की व्यावहारिक समझ।

आहार परामर्श व बीएमआई केंद्रः स्वास्थ्य सूचकांक जांच और व्यक्तिगत आहार परामर्श की सुविधा।

नुक्कड़ नाटक रहा विशेष आकर्षण

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसे उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसका जीवंत मंचन प्रज्ञा, शुभांगी, अप्साना, अनुपम, शक्ति और संजय द्वारा किया गया। नाटक के माध्यम से जंक फूड के दुष्प्रभावों, संतुलित पोषण, पोषण सुरक्षा और कुपोषण उन्मूलन का सशक्त संदेश दिया गया।

कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा ने किया पुरस्कार वितरण

विजेताओं को कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गएः

प्रथम पुरस्कारः एम.ए. गृह विज्ञान (प्रथम सेमेस्टर)

द्वितीय पुरस्कारः क्लिनिकल डिप्लोमा इन न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स

तृतीय पुरस्कारः एम.ए. गृह विज्ञान (तृतीय सेमेस्टर)

सांत्वना पुरस्कारः बी.ए. गृह विज्ञान

कार्यक्रम की शैक्षणिक व प्रबंधकीय गतिविधियों का संचालन डॉ. ऋचा सिंह, डॉ. रजनी सिंह, डॉ. रश्मि दीक्षित और डॉ. पारुल सैनी द्वारा किया गया। समापन विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय समुदाय द्वारा दैनिक जीवन में संतुलित आहार और मिलेट्स-आधारित खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय