home page

रुपये लेने के बाद भी नहीं बनाया जन्म प्रमाणपत्र, अपर नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश

 | 
रुपये लेने के बाद भी नहीं बनाया जन्म प्रमाणपत्र, अपर नगर आयुक्त ने दिए जांच के आदेश


मुरादाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद नगर निगम कार्यालय में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर वसूली की शिकायतें अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह तक पहुंच गई।

महिला पूनम शर्मा ने बताया कि उनके दो बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए उन्होंने जुलाई 2025 में आवेदन किया था। आरोप है कि टाउनहॉल कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी ने इसके लिए उनसे 2600 रुपये लिए। महिला के अनुसार, कर्मचारी ने पहले 3000 रुपये मांगे थे, लेकिन काफी कहने के बाद 2600 रुपये में बात तय हुई।

पीड़ित पूनम का कहना है कि वह पिछले सात माह से लगातार निगम दफ्तर के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें प्रमाणपत्र नहीं मिले हैं। मंगलवार को परेशान होकर वह अपर नगर आयुक्त के पास पहुंचीं और कर्मचारी द्वारा लिखी गई पर्ची भी दिखाई, जिस पर आरोपी का मोबाइल नंबर दर्ज था। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र न मिलने के कारण बच्चों का स्कूल में प्रवेश भी नहीं हो पा रहा है।

इसी तरह कटघर क्षेत्र के बुजुर्ग हरिपाल भी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। उनका कहना है कि वर्ष 2017 का रिकॉर्ड नगर निगम कार्यालय में नहीं मिल रहा है और वह कई महीनों से प्रमाणपत्र ऑनलाइन कराने के लिए भटक रहे हैं। बुधवार को एक व्यक्ति ने उनसे 1000 रूपये लेकर काम कराने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने भी अपर नगर आयुक्त अजीत से शिकायत की।

अपर नगर आयुक्त ने कहा कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच की जाएगी और शिकायत सही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल