home page

रक्षा मंत्री को ईपीएस-95 पेंशनरों ने पेंशन बढ़ोतरी के लिए सौंपा ज्ञापन

 | 
रक्षा मंत्री को ईपीएस-95 पेंशनरों ने पेंशन बढ़ोतरी के लिए सौंपा ज्ञापन


लखनऊ, 13 जुलाई (हि.स.)। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ मंडल के उपाध्यक्ष आर. सी. मिश्रा के नेतृत्व में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को संबोधित एक ज्ञापन सोमवार को उनके आवास कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन में पिछले 12 वर्षों से पेंशन में एक रुपये की भी वृद्धि न होने और पेंशन अत्यंत कम होने पर रोष जताया गया है।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से मांग की गई कि संसद के आगामी मानसून सत्र में न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये माह, डीए और पति-पत्नी को मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बार-बार मुलाकात कर अनुरोध करने के बावजूद पेंशन बढ़ोतरी न होने से देश के 81 लाख ईपीएस-95 पेंशनरों में रोष बढ़ता जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से बताया कि रक्षा मंत्री ने कहा कि वह पहले भी इस संबंध में श्रम मंत्री से कह चुके हैं और पुनः प्राथमिकता के आधार पर दिल्ली जाकर बात करेंगे और आपका काम शीघ्र कराने का प्रयास करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सचिव राजीव भटनागर, राष्ट्रीय सलाहकार समिति के सदस्य राजशेखर नागर, प्रांतीय संगठन मंत्री पी. के. श्रीवास्तव, प्रांतीय कोषाध्यक्ष दिलीप पांडे, डीके मिश्रा संतोष सक्सेना, काजिम रजा आदि कई पेंशनर शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा