रंगकर्म और सामाजिक चेतना के समन्वय के लिए मान्धाता सिंह को ‘विनोद चन्द्रा स्मृति सम्मान’
गोरखपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाेरखपुर जनपद में सामाजिक सरोकारों, सांस्कृतिक चेतना और रचनात्मक गतिविधियों में उल्लेखनीय सक्रियता के लिए युवा चेतना समिति के अध्यक्ष मान्धाता सिंह को ‘विनोद चन्द्रा स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। रंगमहर्षि मंच की ओर से आयोजित समारोह में उन्हें सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान दर्पण, गोरखपुर के पूर्व अध्यक्ष एवं नाट्य संयोजक स्व. विनोद चन्द्रा की स्मृति में प्रदान किया गया। समारोह में उपस्थित वरिष्ठ रंगकर्मियों, साहित्यकारों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने स्व. विनोद चन्द्रा के रंगमंचीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि विनोद चन्द्रा ने गोरखपुर की रंगपरंपरा को अपनी सृजनशीलता, प्रतिबद्धता और नाट्य साधना से समृद्ध किया। उनके नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान कला, संस्कृति और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में सक्रिय लोगों को नई ऊर्जा देने के साथ उनकी स्मृतियों को भी जीवंत बनाए रखता है।
मान्धाता सिंह लंबे समय से युवा चेतना समिति के माध्यम से सामाजिक, शैक्षणिक, पर्यावरणीय और सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं। युवाओं को समाज, साहित्य, संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से समिति लगातार विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रही है। सामाजिक चेतना के विस्तार और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की दिशा में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद मान्धाता सिंह ने रंगमहर्षि मंच के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. विनोद चन्द्रा जैसे समर्पित रंगकर्मी की स्मृति से जुड़ा सम्मान प्राप्त होना उनके लिए गौरव के साथ उत्तरदायित्व का भी विषय है। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति समाज को संवेदनशील बनाने की शक्ति रखती हैं और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
समारोह में बड़ी संख्या में रंगकर्म, साहित्य, संस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

