home page

योगी सरकार 13 प्रमुख नदियों के तट क्षेत्र पर रोपेगी 3.83 करोड़ से अधिक पौधे

 | 
योगी सरकार 13 प्रमुख नदियों के तट क्षेत्र पर रोपेगी 3.83 करोड़ से अधिक पौधे


लखनऊ, 07 जुलाई (हि.स.)। योगी सरकार पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत उत्तर प्रदेश में 13 प्रमुख नदियों के किनारे बड़े पैमाने पर पौधरोपण करेगी। गंगा, यमुना, गोमती, सरयू, समेत कई प्रमुख नदियों के किनारे पौधरोपण होगा। गंगा के किनारे 4495.72 हेक्टेयर में 79.86 लाख से अधिक पौधरोपण होगा तो यमुना किनारे सर्वाधिक 647 स्थल चिह्नित किए गए हैं, जहां पौधरोपण कराए जाएंगे। नदियों के तट से पांच किमी. की परिधि में कुल 2673 स्थल चिह्नित किए गए हैं, इनके किनारे 22240 हेक्टेयर से अधिक में 3.83 करोड़ से अधिक पौधरोपण होगा।

यमुना नदी के तट क्षेत्र पर होंगे सर्वाधिक पौधरोपण

अविरल धारा पौधरोपण कार्यक्रम के तहत यमुना नदी के तट पर सर्वाधिक पौधे रोपित किए जाएंगे। यमुना के कैचमेंट एरिया में 647 स्थलों पर 6531.77 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 1 करोड़, 8 लाख, 18 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वहीं गंगा नदी के किनारे 603 स्थलों पर 4495.72 हेक्टेयर में पौधे लगाए जाएंगे। इसके किनारे 79.86 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। गंगा किनारे के वन प्रभागों प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, गाजीपुर, मीरजापुर, भदोही, काशी वन्यजीव व बलिया आदि में यह पौधरोपण प्रस्तावित है।

इन 13 नदियों के समीप होगा अविरल धारा पौधरोपण

क्रम नदी स्थल क्षेत्रफल (हेक्टेयर) पौधों की संख्या

1 यमुना 647 6531.77 1,08,18,731

2 गंगा 603 4495.72 79,86,512

3 गोमती 297 1521.5 31,37,845

4 सरयू/घाघरा 254 1635.58 27,75,860

5 सई 238 1032.52 23,29,609

6 बेतवा 171 3281.76 52,35,132

7 राप्ती 155 1037.67 16,60,272

8 छोटी गंडक 105 513.00 8,20,800

9 सोन 67 970.63 14,77,158

10 रामगंगा 51 268.51 4,49,978

11 केन 39 667.9 10,68,381

12 हिंडन 33 131.55 3,16,480

13 चंबल 13 152.00 2,28,200

कुल-- 2673 22240.11 3,83,04,958

मुख्य वन संरक्षक अदिति शर्मा ने मंगलवार काे बताया कि पौधरोपण महायज्ञ-2026 के दौरान वन विभाग की तरफ से प्रदेश में 13 नदियों के किनारे अविरल धारा पौधरोपण कराया जाएगा। इसमें मां गंगा, मां यमुना, मां सरयू आदि के नदियों के तट से 5 किमी. की परिधि में पौधरोपण होगा। नदियों के किनारे 3.83 करोड़ से अधिक पौधरोपण को लेकर भी विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन