home page

मुरादाबाद में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 2328 आवेदन पत्र बैंकों द्वारा स्वीकृत

 | 
मुरादाबाद में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 2328 आवेदन पत्र बैंकों द्वारा स्वीकृत


मुरादाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने अवगत कराया कि योजना के अंतर्गत जनपद को ऋण के लिए 2800 के लक्ष्य के सापेक्ष 31 मार्च तक 2328 आवेदन पत्र बैंकों द्वारा स्वीकृत किये गये हैं एवं 2121 आवेदन पत्रों के सापेक्ष ऋण वितरण की कार्यवाही की गई है।

जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित बैंकों को निर्देशित किया गया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति में कुछ ही दिन शेष हैं। योजना के अंतर्गत लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जानी है। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन बैंकों में प्रकरण लंबित हैं, वे शत-प्रतिशत स्वीकृति एवं अधिकतम वितरण सुनिश्चित करें, ताकि जिले की रैंकिंग बेहतर हो सके। साथ ही सभी बैंक शाखाओं को निर्देशित किया कि आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ प्रदान किया जाए।

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 119, पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 61, केनरा बैंक द्वारा 31, बैंक ऑफ बडौदा द्वारा 26, यूको बैंक द्वारा 16, बैंक ऑफ इण्डिया द्वारा 21 एवं सेन्ट्रल बैंक द्वारा 07 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति कर निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल