home page

मुख्यमंत्री से मिले विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

 | 
मुख्यमंत्री से मिले विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग


जौनपुर, 29 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर से उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एवं महासंघ के महामंत्री नंदकिशोर सिंह भी मौजूद रहे।

महासंघ के अध्यक्ष संजय शुक्ला और महामंत्री नंदकिशोर सिंह ने मुख्यमंत्री से लखनऊ स्थित उनके कार्यालय में भेंट कर विश्वविद्यालय कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने वर्ष 2001 के बाद नियुक्त संविदा एवं तदर्थ कर्मचारियों के विनियमितीकरण, अवकाश नकदीकरण की पुनः बहाली तथा लंबित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग रखी।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में कैशलेस व्यवस्था लागू करने का भी आग्रह किया, जिससे कर्मचारियों को सुविधाएं और पारदर्शिता मिल सके। पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित इन मांगों के कारण कर्मचारियों में असंतोष है, जिसे दूर करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही।

इस अवसर पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व महामंत्री रमेश यादव भी उपस्थित रहे। मुलाकात के बाद कर्मचारी संगठनों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव