मुकेश शर्मा ने कुष्ठ रोगी खोजी अभियान का किया शुभारम्भ
लखनऊ,09 मार्च (हि.स.)। कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने और इस बीमारी को जड़ से खत्म करने के संकल्प के साथ सोमवार को नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इंदिरा नगर में 'कुष्ठ रोगी खोजी अभियान' का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा और लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन बी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।
इस विशेष अभियान का लक्ष्य घर-घर जाकर कुष्ठ रोग के संभावित मरीजों की त्वरित पहचान करना है, ताकि समय रहते उनका निःशुल्क उपचार शुरू किया जा सके। जिला क्षय रोग अधिकारी/जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. ए. के. सिंघल ने बताया कि कुष्ठ रोग लाइलाज नहीं है। उन्होंने आम जनमानस से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार के संकोच या भ्रांति में न पड़ें और शरीर पर किसी भी तरह के दाग या धब्बे दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाएं। सरकारी अस्पतालों में इसके लिए जांच और इलाज की पूरी व्यवस्था निःशुल्क है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अन्य अधिकारी और कर्मचारियों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की है। कार्यक्रम में यू सीएचसी इंदिरा नगर लखनऊ के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी गण एवं टीबी इकाई डॉ राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान गोमती नगर लखनऊ से एस टी एस, एस टी एल एस तथा टीबीएचबी उपस्थित रहे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

