मीरजापुरः चकबंदी विभाग में 10 गांवों के भू-मानचित्र गायब, मानचित्रकार निलंबित
- धारा-52 का प्रकाशन होने के बाद भी अभिलेख नहीं मिले,
- दो कर्मचारियों को दोबारा नक्शे तैयार करने की जिम्मेदारी
मीरजापुर, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में चकबंदी विभाग की लापरवाही से हलिया विकास खंड के 10 गांवों के महत्वपूर्ण भू-मानचित्र गायब हो गए हैं। धारा-52 का प्रकाशन हो चुके इन गांवों के नक्शे राजस्व परिषद के मानचित्रालय में जमा नहीं हो सके। मामला सामने आने के बाद विभाग में खलबली मच गई।
बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक कुमार तिवारी ने संबंधित मानचित्रकार जियालाल सुमन को निलंबित कर दिया है। साथ ही गायब नक्शों को दोबारा तैयार कराने का आदेश दिया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, कार्यालय के पत्र संख्या 8298, दिनांक 22 अगस्त के क्रम में 10 ग्राम पंचायतों के भू-मानचित्र राजस्व परिषद के मानचित्रालय में जमा कराने की जिम्मेदारी मानचित्रकार जियालाल सुमन को दी गई थी। इनमें चौराही, बड़वार, बबुरा खुर्द, बेलाही, बेंदउर, बैसोड़ जेर पहाड़, भटवारी, भटपुरवा, रुआही और सोठिया खुर्द के भू-मानचित्र शामिल थे। लेकिन निर्धारित प्रक्रिया के बावजूद ये नक्शे मानचित्रालय में जमा नहीं हुए और गायब हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बंदोबस्त अधिकारी ने विभागीय कार्रवाई करते हुए मानचित्रकार को निलंबित कर दिया। वहीं, गायब नक्शों को दोबारा तैयार कराने के लिए मानचित्रकार एबनान अहमद और अनुरेखक अभिषेक कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले मानचित्रकार को निलंबित कर दिया गया है। सभी 10 गांवों के भू-मानचित्र दोबारा तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
नक्शे गायब होने से किसानों की बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि धारा-52 के प्रकाशन के बाद भू-मानचित्र भूमि संबंधी अभिलेखों में महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है। इसके गायब होने से नामांतरण, बैनामा, वरासत, बैंक ऋण और भूमि सीमांकन जैसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को अपनी जमीन से जुड़े कामों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

