home page

माध्यमिक शिक्षक संघ ने 21 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा

 | 
माध्यमिक शिक्षक संघ ने 21 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा


नोएडा, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक प्रभारी विनीता श्रीवास्तव के माध्यम से शासन को भेजकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की है।

शिक्षकों की प्रमुख मांगों में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राजकीयकरण, पुरानी पेंशन योजना लागू करना शामिल है। स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संख्या के सापेक्ष मानक के अनुसार शिक्षकों की संख्या का निर्धारण कराने, कार्यरत शिक्षकों का ब्यौरा मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कराने और उनके वेतन से कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) योजना के तहत कटौती शुरू कराने की मांग भी की गई है।

संगठन ने मांग की है कि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को भी राजकीय कर्मचारियों की तरह सुविधाएं दी जाएं। इसके अलावा चयन बोर्ड अधिनियम की धारा-18 और 21 के तहत शिक्षकों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने, प्रधानाचार्यों की पदोन्नति और वेतनमान संबंधी समस्याओं का समाधान करने की मांग भी उठाई गई है।

मांग पत्र में शिक्षकों के ऑनलाइन माध्यम से स्थानांतरण आवेदन का शीघ्र अवसर प्रदान करने, भ्रष्टाचार रोकने के लिए शिक्षा विभाग में ई-फाइलिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य मांगें शामिल हैं। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इस मौके पर संघ के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, कार्यकारी जिला मंत्री कर्मवीर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष खजानी सिंह, प्रधानाचार्य बृजेंद्र सिंह, मधुसूदन, अमीर अहसन, राम अजोर, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी