home page

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों का किया भ्रमण

 | 
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों का किया भ्रमण


-मंडल आयुक्त ने तेंदुए की गतिविधियों पर सतत निगरानी और रेस्क्यू अभियान जारी रखने के दिए निर्देश

मुरादाबाद, 04 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शुक्रवार को जनपद में तेंदुआ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू अभियान, निगरानी एवं ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

इस दौरान मंडलायुक्त ने लालापुर पीपलसाना में वन विभाग द्वारा तेंदुए के रेस्क्यू के लिए लगाए गए ट्रैप केज एवं कैमरा ट्रैप की जानकारी ली। साथ ही वन्यजीवों को आबादी क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने अथवा वापस भगाने के लिए लगाए गए एएनआईडीएआर डिवाइस का भी अवलोकन किया।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को तेंदुआ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी, रात्रि गश्त तथा आवश्यकतानुसार थर्मल ड्रोन से स्कैनिंग करते हुए रेस्क्यू अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर तेंदुए से बचाव के उपायों एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी ली।

इस अवसर पर आपदा राहत कंट्रोल रूम में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में ग्रामवासियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में डीएफओ मुरादाबाद द्वारा तेंदुआ रेस्क्यू अभियान के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं कठिनाइयों से मंडलायुक्त को अवगत कराया। ग्रामीणों द्वारा विशेष रूप से रात्रि के समय गांव में बिजली कटौती की समस्या बताई गई, जिस पर मंडलायुक्त द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल