फर्रुखाबाद में खाद की कमी नहीं, पर्याप्त भंडार उपलब्ध : जिलाधिकारी
उर्वरक वितरण में गड़बड़ी पर 23 विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित, एक निरस्त, किसानों की शिकायत के लिए कंट्रोल रूम बनाया
फर्रुखाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। रबी फसलों की बुवाई के बीच किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिले में यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री और वितरण में अनियमितता करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। अब तक 23 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि एक का लाइसेंस निरस्त किया गया है। यह जानकारी जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने साेमवार काे दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि रबी वर्ष 2026-27 में जिले में खाद्यान्न फसलों की बुवाई के लिए 1,06,546 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित है। इसमें गेहूं 70,749, सरसों 12,762, तोरिया 17,021, मसूर 3,153, जौ 1,851, मटर 966 और चना 43 हेक्टेयर शामिल हैं। इसके अलावा आलू का 43 हजार और गन्ने का 6,536 हेक्टेयर क्षेत्र प्रस्तावित है। इस तरह कुल फसली क्षेत्रफल 1,56,082 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक वितरण के बाद भी 28,742 मीट्रिक टन यूरिया, 10,116 मीट्रिक टन डीएपी, 6,891 मीट्रिक टन पोटाश, 20,136 मीट्रिक टन एनपीके और 11,378 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट उपलब्ध है। थोक विक्रेताओं और भंडार गृहों में भी 9,384 मीट्रिक टन यूरिया तथा 2,211 मीट्रिक टन डीएपी मौजूद है। इसके अतिरिक्त 714 मीट्रिक टन उर्वरक रास्ते में है।
किसानों तक खाद पहुंचाने के लिए सहकारी क्षेत्र के 84 और निजी क्षेत्र के 906 बिक्री केंद्रों के माध्यम से वितरण कराया जा रहा है। 77 सहकारी केंद्रों पर डीएपी उपलब्ध है। वहीं, 604 निजी केंद्रों पर 4,973 मीट्रिक टन डीएपी और सभी 906 निजी केंद्रों पर 17,499 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। किसान खतौनी के आधार पर पीओएस मशीन से खाद प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि उर्वरक बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विक्रेताओं को प्रतिदिन स्टॉक और मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में कमालगंज के माहेश्वरी फर्टिलाइजर और फर्रुखाबाद के साईं फर्टिलाइजर्स में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई। न्याय पंचायत स्तर पर कृषि विभाग के कर्मचारियों और लेखपालों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उर्वरकों की गुणवत्ता जांचने के लिए 59 नमूने लिए गए, जिनमें पांचालघाट स्थित श्याम बीज भंडार का एक नमूना अमानक मिला है।
जिलाधिकारी के अनुसार पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार जिले में 5,121 मीट्रिक टन अधिक डीएपी उपलब्ध है। आलू की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है, जबकि गेहूं की बुवाई 25 से 30 प्रतिशत तक हो गई है। शेष बुवाई नवंबर के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है।
उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार ही खाद का इस्तेमाल करने की अपील की। शासन के मानक के मुताबिक प्रति हेक्टेयर पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया के प्रयोग की सलाह दी गई है। जरूरत से अधिक उर्वरक डालने से मिट्टी की सेहत प्रभावित होती है।
खाद की उपलब्धता या वितरण से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। किसान 05692-297733 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक मिली तीन शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

