home page

फर्रुखाबाद: गंगा में अचानक आया उफान, जलस्तर बढ़ने से कटान तेज

 | 
फर्रुखाबाद: गंगा में अचानक आया उफान, जलस्तर बढ़ने से कटान तेज


फर्रुखाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शमशाबाद क्षेत्र से गुजरने वाली गंगा नदी का जलस्तर शनिवार को आंशिक रूप से बढ़ने से कटान तेज हो गया है। कटरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बांस खेड़ा में कई प्रधानमंत्री आवास कटान की जद में आ गए हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ढाई घाट शमशाबाद स्थित गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने से किनारों की बड़ी-बड़ी मिट्टी की ढलानें और पहाड़ियां टूटकर नदी में समा रही हैं। इससे आसपास के खेतों का तेजी से कटान हो रहा है। किसानों का कहना है कि जलस्तर बढ़ने के साथ ही कटान का असर साफ दिखाई दे रहा है। फिलहाल स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और अगर जल्द रोकथाम के उपाय नहीं किए गए तो नुकसान और बढ़ सकता।

पीएम आवास कटान की जद में आए

गंगा नदी में जलस्तर बढ़ने से यहां रहीसा बानो पत्नी शकूर, रुबीना पत्नी रियाजसेन, ज़ेमखा और जारफा के प्रधानमंत्री आवास कटान से प्रभावित हो रहे हैं। इन घरों के आसपास की जमीन तेजी से खिसक रही है, जिससे कभी भी बड़ा नुकसान हो सकता है।

किसानों की फसलें भी खतरे में

कटरी क्षेत्र के किसान लगातार हो रहे कटान से बेहद चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो खेतों को भारी नुकसान होगा। कई किसानों की तैयार खड़ी गेहूं की फसल भी कटान की चपेट में आने की आशंका है।

सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि एकाएक गंगा का जल स्तर बढ़ने से कटान तेज हो गया है। गंगा के किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar