home page

प्रवक्ता भर्ती के साक्षात्कार 15 जून से, डाउनलोड करें साक्षात्कार पत्र

 | 
प्रवक्ता भर्ती के साक्षात्कार 15 जून से, डाउनलोड करें साक्षात्कार पत्र


--18 विषयों के 624 पदों के लिए चयन प्रक्रिया शुरू

--624 पदों के लिए हो रहा है साक्षात्कार : अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार

प्रयागराज, 04 जून (हि.स)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या - 02/2022 के अंतर्गत प्रवक्ता संवर्ग के 624 पदों के लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार कार्यक्रम गुरुवार को जारी कर दिया गया है। साक्षात्कार 15 जून से प्रारम्भ होकर 27 जून तक विषयवार आयोजित किए जाएंगे।

शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रवक्ता पद की लिखित परीक्षा 09 एवं 10 मई को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 02 जून को घोषित किया गया। लिखित परीक्षा में औपबंधिक रूप से सफल घोषित अभ्यर्थियों को अब साक्षात्कार प्रक्रिया में सम्मिलित होना होगा।

शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि 15 जून को वाणिज्य, कला, मनोविज्ञान, कृषि एवं गृह विज्ञान विषयों के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। 16 जून को भौतिक विज्ञान एवं इतिहास, 17 जून को रसायन विज्ञान एवं समाजशास्त्र, 18 जून को नागरिक शास्त्र एवं गणित तथा 19 जून को जीव विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। इसी प्रकार 20 जून को संस्कृत, 22 जून को भूगोल एवं शिक्षा शास्त्र, 23 जून को अर्थशास्त्र, 24 जून को अंग्रेजी, 25 जून को अंग्रेजी एवं हिन्दी तथा 27 जून को हिन्दी विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।

शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी अपना साक्षात्कार पत्र 05 जून से आयोग की आधिकारिक वेबसाइटwww.upessc.up.gov.inसे डाउनलोड कर सकेंगे। साक्षात्कार पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया तथा अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।

आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील किया है कि वह आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ साक्षात्कार में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र