प्रदेश और देश को विकसित बनाने में युवाओं की होगी महत्वपूर्ण भूमिका : महेंद्रपाल सिंह
गोरखपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना की तरफ से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ विषय पर शनिवार काे हिंदी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश और देश को विकसित बनाने में युवाओं को महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करना होगा।
विधायक महेंद्रपाल सिंह ने कहा कि युवाओं में नवाचार, कौशल, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति सेवा भावना विकसित करके भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की जा सकती है। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण, युवा सहभागिता, तकनीकी विकास, कृषि, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक समरसता जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका एवं उत्तर प्रदेश के योगदान को रेखांकित किया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल में शामिल महेंद्रपाल सिंह, सदानंद शर्मा, डॉ. विमल कुमार दुबे, डॉ. शशिकांत सिंह, डॉ. ओंकारनाथ तिवारी ने किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के विषय-वस्तु ज्ञान, प्रस्तुतीकरण शैली, भाषा की शुद्धता, तार्किकता, मौलिक विचार एवं विषय की प्रासंगिकता के आधार पर उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम का आयोजन वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. तरुण श्याम व डॉ. अनुपमा ओझा की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर डॉ. धनंजय पांडेय, रवि निषाद, अनिल पटेल, डॉ. अमित उपाध्याय राम नरेश निषाद, मनोज गुप्ता, नरेंद्र अरविंद सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

