पौष्टिक आहार अपनाकर जंक फूड से बच्चाें काे रखें दूर : डॉ. जया त्रिवेदी
कानपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। जनपद के आर्य नगर स्थित वेदांता हॉस्पिटल में रविवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कैंसर, महिला रोग, नवजात व बाल रोग से जुड़े विशेषज्ञों ने लोगों की जांच कर परामर्श दिया। शिविर में 500 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराकर निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाइयों का लाभ लिया।
शिविर में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण प्रकाश द्विवेदी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. जया त्रिवेदी, नवजात एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. समर्थ वोहरा और डॉ. सत्यम गुप्ता मौजूद रहे। कैंप के दौरान बच्चेदानी कैंसर, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और लंग्स कैंसर के मामलों के साथ कुछ गैस्ट्रो कैंसर और बोन कैंसर के केस भी सामने आए। कैंसर की स्क्रीनिंग, आवश्यक जांच और वैक्सीन रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं।
डॉ. जया त्रिवेदी ने बताया कि बच्चों में कमजोरी, पीलिया, ग्रोथ न होना, कुपोषण और असंतुलित खानपान के कारण हार्मोनल डिस्टरबेंस के कई मामले देखे गए। चिकित्सकों ने अभिभावकों को जंक फूड से बचने और पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह दी। साथ ही यह भी बताया गया कि बच्चों और बड़ों को रोजमर्रा के आहार में क्या शामिल करना चाहिए।
शिविर का उद्घाटन वेदांता हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गोविंद त्रिवेदी और डॉ. शिवांश त्रिवेदी ने किया। आयोजन का संयोजन डॉ. प्रीती त्रिवेदी ने किया, जबकि संचालन वेदांता हॉस्पिटल की टीम और मार्केटिंग हेड शरद त्रिपाठी ने संभाला। शिविर में आए लोगों ने व्यवस्थाओं और चिकित्सकीय सेवाओं की सराहना की।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉक्टर जया त्रिवेदी ने कहा कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का मकसद आम लोगों को समय रहते जांच और सही सलाह देकर गंभीर बीमारियों से बचाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

