देव दीपावली पर हनुमान गढ़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
- 35वें श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ की पूर्णाहुति पर विशाल भंडारा, सैकड़ों संतों का हुआ सम्मान
फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। देव दीपावली के पावन पर्व पर महाभारत कालीन ऐतिहासिक हनुमान गढ़ी सिद्धपीठ में मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने संकटमोचन हनुमान के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर बजरंगबली के जयकारों, घंटे-घड़ियालों की गूंज और रामनाम संकीर्तन से गुंजायमान रहा। 35वें श्रीरामचरितमानस अखंड पाठ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमान गढ़ी परिसर में सोमवार से चल रहे अखंड रामचरितमानस पाठ का मंगलवार दोपहर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ समापन हुआ। इसके बाद श्री हनुमान गढ़ी ट्रस्ट की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। सनातन परंपरा के अनुरूप सबसे पहले सैकड़ों साधु-संतों के लिए संत भोज आयोजित किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने संतों का पूजन-सत्कार कर उन्हें कंबल और दक्षिणा भेंट की। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए भंडारा शुरू हुआ, जो देर तक चलता रहा।
देव दीपावली पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। शिवाला भवन और गंगा दरवाजा से मंदिर तक आने-जाने के लिए निशुल्क वाहनों की व्यवस्था की गई। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के गांवों से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिली।
उधर, हनुमान गढ़ी से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित महाभारत कालीन प्राचीन सोन सर्वा शिव मंदिर में भी देव दीपावली पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। आखूनपुर, मुडौल, टिलिया, गऊटोला, सुखानगला, पंछीनगला, जौरा, पट्टिया, करीमनगर और लखनपुर समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में भक्त दोनों धार्मिक स्थलों पर पहुंचे।
आयोजन को सफल बनाने में श्री हनुमान गढ़ी ट्रस्ट के पवन गुप्ता, दीपक राज अरोड़ा, सुधाकर दुबे, सुधीर गुप्ता, मुकेश दुबे, नरेंद्र गुप्ता, रमाकांत शुक्ला, हेमंत अरोड़ा और नीरज अग्रवाल समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया। देव दीपावली पर दोनों धार्मिक स्थलों में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

