home page

देर रात सड़कों पर उतरे नगर आयुक्त, सड़क मरम्मत, रैन बसेरे और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

 | 
देर रात सड़कों पर उतरे नगर आयुक्त, सड़क मरम्मत, रैन बसेरे और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा


कानपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने देर रात शहर में सड़क मरम्मत, रैन बसेरों की व्यवस्थाओं और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और जनसुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने जोन-4 के वार्ड-42 परमट में चल रहे सड़क पैच मरम्मत कार्य का जायजा लिया। यहां काम में देरी मिलने पर नाराजगी जताते हुए इसे जल्द शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए कोर कटर मशीन के प्रभावी संचालन को लेकर मुख्य अभियंता को कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाने के लिए कहा।

इसके बाद आनंदेश्वर मंदिर के पास स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। यहां ठहरे लोगों के पंजीकरण की जांच की और उनसे किसी तरह का शुल्क लिए जाने के संबंध में जानकारी ली। लोगों ने कपड़ों और बिस्तरों की साफ-सफाई को लेकर शिकायत की। इस पर तत्काल धुलाई कराने और गंदे बिस्तरों का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर और पार्किंग स्थल पर खराब लाइटों की शिकायत पर मार्ग प्रकाश विभाग के प्रभारी अभियंता को मरम्मत कराने के लिए कहा।

जोन-1 के एक्सप्रेस रोड और घसियारी मंडी स्थित कूड़ा संवेदनशील स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन फुटपाथ पर अस्थायी अतिक्रमण पाया गया। दुकानदारों के दस्तावेजों और उनका पक्ष देखने के बाद मामले पर चर्चा के लिए 22 अक्टूबर को बैठक करने का निर्णय लिया गया। इसमें संबंधित जोनल अधिकारी, अभियंता, संपत्ति, स्ट्रीट वेंडिंग और विधि विभाग के अधिकारी तथा दुकानदारों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक के समन्वय की जिम्मेदारी जोनल स्वच्छता अधिकारी अमित कुमार को दी गई।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, रैन बसेरों में साफ-सफाई और जनसुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप