home page

दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

 | 
दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश


बाराबंकी, 03 नवंबर (हि.स.)। सांसद तनुज पुनिया की अध्यक्षता और फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद की सह-अध्यक्षता में मंगलवार को गांधी सभागार, डीआरडीए में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को कहा गया। अनावश्यक रूप से बाहरी दवाएं लिखने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। मनरेगा श्रमिकों का समय से भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने और लंबित आवासों को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पेयजल परियोजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने से खराब हुई सड़कों को दुरुस्त कराने का मुद्दा उठाया। इस पर संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, फसल बीमा, उज्ज्वला योजना, ग्रामीण पेयजल, ग्रामीण ज्योति योजना, खाद्य सुरक्षा और बेसिक शिक्षा सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।

बैठक में एमएलसी अंगद कुमार सिंह, विधायक धर्मराज सिंह यादव, गौरव कुमार रावत, दिनेश रावत, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, सीडीओ पंकज वर्मा, एडीएम निरंकार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी