त्योहारों से पहले युद्धस्तर पर पूरे हों विकास कार्य, 30 अक्टूबर तक सीएम ग्रिड की सड़कें हाें तैयार : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों को देखते हुए शहर की सड़कों और अन्य विकास कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कराया जाए। पैच कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच के साथ जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें ठीक कराया जाए और निर्माणाधीन मार्गों का काम तेजी से पूरा कर जनता को सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यह निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शनिवार को निरीक्षण के दौरान दिए।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने आज जोन-2 के अंतर्गत श्यामनगर, हरिहर धाम मंदिर, कोयला नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में पैच कार्यों का निरीक्षण किया। श्यामनगर पुल से पीएसी मोड़ तक एक दिन पहले रात में कराए गए पैच कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक मिली। उन्होंने ग्रीनबेल्ट की बाउंड्रीवाल बनाने और झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। हरिहर धाम मंदिर के आसपास छप्पन भोग चौराहे से सुजातगंज जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया गया।
नगर आयुक्त ने आसपास की अन्य सड़कों का भी व्यापक निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। कोयला नगर पुलिस चौकी से गणेशपुर रोड सेक्टर-सी तक पैच कार्य संतोषजनक मिला। 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू कर युद्धस्तर पर पूरा कराने को कहा गया।
महिंद्रा पैलेस से ब्रह्मनगर चौराहे तक 1.10 करोड़ रुपये से हो रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। पहले करीब पांच मीटर चौड़ी सड़क को बढ़ाकर 11 मीटर किया जा रहा है। यह मार्ग एनएच-19 को यशोदानगर में बन रही सीएम ग्रिड सड़क से जोड़ता है। नगर आयुक्त ने चौड़ीकरण के बाद बचे कार्य दो दिन में पूरा कराने के निर्देश दिए।
एनएच-19 से राजाराम चौराहा होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग तक 4.3 किलोमीटर लंबी सीएम ग्रिड सड़क का भी निरीक्षण किया गया। एनएच-19 के पास सड़क और फुटपाथ का निर्माण जारी मिला। नगर आयुक्त ने 30 अक्टूबर से पहले सड़क निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
सिमरा गांव के पास कूड़े का बड़ा ढेर मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दो हाइवा, टिपर ट्रक और तीन लोडर लगाकर तत्काल कूड़ा उठाने तथा पोकलैंड मशीन लगाने के निर्देश दिए। अगले दिन सुबह तक कूड़े का पूर्ण उठान कराने और इसके बाद पालीवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा। दोबारा कूड़ा या सीवरेज डालने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
साकेत नगर दैनिक जागरण चौराहे से दीप सिनेमा तक जल निगम के कार्य के कारण खराब हुई सड़क का भी संज्ञान लिया गया। चूंकि मार्ग लोक निर्माण विभाग के स्वामित्व का है, इसलिए संबंधित अधिकारियों को पीडब्ल्यूडी को पत्र भेजकर सड़क सुदृढ़ीकरण कराने और जल निगम को अपना काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

