जीवनधारा पौधारोपण अभियान हुआ गतिशील, शहीद भगत सिंह पार्क में लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधे
औरैया, 14 जून (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाजसेवी संस्था एक विचित्र पहल सेवा समिति (रजि.) उत्तर प्रदेश के औरैया द्वारा संचालित जीवनधारा पौधारोपण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के तहत रविवार सुबह आवास विकास कॉलोनी स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों को सौंपी गई।
समिति द्वारा 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू किए गए 5100 पौधों के पौधारोपण लक्ष्य के अंतर्गत शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पार्कों और प्रमुख मार्गों पर लगातार पौधारोपण किया जा रहा है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में बेलपत्र, अशोक, आंवला, पकड़िया, गुड़हल, चितवन, कदम, हरसिंगार और चांदनी सहित कई छायादार एवं उपयोगी पौधे लगाए गए।
पौधारोपण के बाद आयोजित पर्यावरण गोष्ठी में समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने कहा कि प्रकृति के साथ लगातार हो रही छेड़छाड़ का परिणाम पर्यावरण असंतुलन और प्राकृतिक आपदाओं के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। इनसे हमें प्राणवायु, फल, फूल, ईंधन तथा अनेक प्रकार की दुर्लभ औषधियां प्राप्त होती हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत यमुना तट, मंगला काली एवं देवकली मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, सार्वजनिक पार्कों, विद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण के साथ लोगों को उनकी पसंद के पौधे निःशुल्क वितरित भी किए जा रहे हैं।
अभियान को सहयोग देते हुए भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त समाजसेवी राकेश अवस्थी ने 21 पौधे तथा चिकित्सक डॉ. एल.एन. गुप्ता ने 5 पौधे संस्था को प्रदान किए। समिति के सदस्यों ने दोनों सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा समाज में हरियाली और जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशांत पोरवाल (मोनू) एवं रामजी दीक्षित का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर डॉ. शिवकुमार सोनी, ईशा मिश्रा, सोनू यादव, डॉ. एल.एन. गुप्ता, संजय अग्रवाल, मनोज कुमार मिश्रा, प्रदीप कठेरिया, श्याम किशोर दुबे, पिंटू गुप्ता, रोहित, हिमांशु दुबे, सतीश पोरवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

