गोरखपुर : ‘एक सुबह, बुजुर्गों के आशीर्वाद के नाम’ आयाेजन, वृद्धजनों की हुई स्वास्थ्य जांच
गोरखपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर में रोटरी क्लब गोरखपुर की ओर से शुक्रवार को गोकुल वृद्धाश्रम, बड़गो में ‘एक सुबह, बुजुर्गों के आशीर्वाद के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इसके बाद रोटरी सदस्यों ने उनके साथ स्नेह मिलन किया और भोजन वितरण कर खुशियां साझा कीं।
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. आर.पी. शुक्ला, डॉ. संजय विश्वकर्मा, डॉ. अमरेश अस्थाना, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव और डॉ. कविता लिलोरिया ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने बढ़ती उम्र में नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर दवाओं के सेवन, संतुलित खानपान और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। क्लब अध्यक्ष रो. प्रवीर आर्य ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा केवल उनकी जरूरतों की पूर्ति तक सीमित नहीं है। उनके साथ समय बिताना, संवाद करना और उन्हें अपनत्व का अनुभव कराना भी समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सचिव रो. शुभेन्दु श्रीवास्तव ने कहा कि रोटरी क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा पहुंचाने का निरंतर प्रयास करता है। वृद्धजनों के बीच आयोजित यह कार्यक्रम उसी भावना का हिस्सा है, जिसमें स्वास्थ्य सेवा के साथ आत्मीयता और सम्मान को भी प्राथमिकता दी गई। कार्यक्रम के दौरान सितंबर एवं अक्टूबर माह में जन्मदिन वाले रोटेरियन्स के जन्मदिन वृद्धजनों के बीच मनाए गए। सदस्यों ने केक काटकर अपनी खुशियां उनके साथ साझा कीं और वृद्धजनों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। आयोजन में निदेशक-सामुदायिक सेवा रो. रीना त्रिपाठी, भोजन वितरण चेयरमैन रो. विकल्प त्रिपाठी और कोषाध्यक्ष रो. संजीव अग्रवाल की सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष हरि नंदन श्रीवास्तव, मंकेश्वर नाथ पांडेय, महावीर कंदोई, सतीश राय एवं रामपाल सिंह के साथ मांधाता सिंह, अखिलेश ओझा, सुधांशु चंद्र वर्मा, रोहित कुमार, मनीष जायसवाल, अनिल बलानी, श्रीलाल मंझानी, संचित श्रीवास्तव, अरशद जमाल समानी, डॉ. सुधीर राय, डॉ. मणि रंजन सिन्हा और डॉ. प्रीति मल्ल, वीके श्रीवास्तव सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन वृद्धजनों से संवाद और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

