गीडा में 17,650 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी पांच कंपनियां, हजारों रोजगार के अवसर खुलने की उम्मीद
गीडा के स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 29 नवंबर को सीएम योगी के समक्ष होगा प्रस्तावित निवेश का एमओयू
गोरखपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में पूर्वांचल को औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 29 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पांच कंपनियों के साथ कुल 17,650 करोड़ रुपये के निवेश के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इन निवेश प्रस्तावों से हरित ऊर्जा, दवा निर्माण, धातु प्रसंस्करण, आसवनी और मत्स्य आहार उत्पादन जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विशाल कुमार के अनुसार, इन पांच नए एमओयू के साथ प्राधिकरण विकास के नए चरण में प्रवेश करेगा। प्रस्तावित निवेश में सबसे बड़ा हिस्सा एक्मे कंपनी का है, जो ग्रीन अमोनिया परियोजना में 16,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके अलावा सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्राइवेट लिमिटेड दवा निर्माण इकाई, आर्बिट ग्रुप आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग इकाई तथा एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज आसवनी परियोजना में 500-500 करोड़ रुपये लगाएंगी। वहीं, दीपक नेक्सजेन फीड्स प्राइवेट लिमिटेड मत्स्य आहार उत्पादन इकाई पर 150 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
इन परियोजनाओं से औद्योगिक गतिविधियों के साथ कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की संभावना है। आसवनी इकाई से गन्ना और अनाज उत्पादक किसानों को बाजार उपलब्ध होगा, जबकि मत्स्य आहार संयंत्र से पूर्वांचल के मछली पालकों को स्थानीय स्तर पर आहार मिल सकेगा। ग्रीन अमोनिया परियोजना स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कभी औद्योगिक पिछड़ेपन और बंद इकाइयों के लिए पहचाने जाने वाले गीडा में पिछले एक दशक के दौरान निवेश गतिविधियों में तेजी आई है। सीईओ के मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था, औद्योगिक बुनियादी ढांचे, भूमि की उपलब्धता और निवेश प्रक्रियाओं में सुगमता से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। धुरियापार औद्योगिक गलियारे के विकास से बड़े उद्योगों के लिए भूमि उपलब्धता आसान हुई है। इसके अलावा चौड़ी सड़कें, बिजली आपूर्ति, जल निकासी और निवेश मित्र पोर्टल के जरिए सिंगल विंडो व्यवस्था ने उद्योगों की स्थापना की प्रक्रिया को सरल बनाया है।
गीडा क्षेत्र में पेप्सिको, केयान डिस्टिलरीज, ज्ञान डेयरी और तत्वा प्लास्टिक्स जैसी कंपनियां अपने संयंत्र स्थापित कर उत्पादन शुरू कर चुकी हैं, जबकि कोका कोला की इकाई भी लगाई जा रही है। प्लास्टिक पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। फोरलेन और सिक्सलेन सड़कों के नेटवर्क, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ाव और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
पांच निवेश प्रस्तावों का विवरण
एक्मे : ग्रीन अमोनिया परियोजना — 16,000 करोड़ रुपये।
सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्रा. लि. : दवा निर्माण — 500 करोड़ रुपये।
आर्बिट ग्रुप : आयरन, स्टील और एल्युमीनियम व्हील रोलिंग — 500 करोड़ रुपये।
एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज : आसवनी परियोजना — 500 करोड़ रुपये।
दीपक नेक्सजेन फीड्स प्रा. लि. : मत्स्य आहार उत्पा
दन — 150 करोड़ रुपये।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

