home page

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 74 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 74 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार


कानपुर, 27 मई (हि. स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 74 किलो से अधिक गांजा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है।

रेलवे पुलिस के द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत बुधवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया कैंट साइड गेट नंबर-2 के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सार्वजनिक शौचालय के पीछे संदिग्ध हालत में खड़े दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग से कुल 74 किलो 230 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बुधवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मथुरा निवासी प्रेम कुमार और अलीगढ़ निवासी सुभाष के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों उड़ीसा से गांजा लेकर अलीगढ़ और मथुरा की तरफ जाने की तैयारी में थे और ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की खेप काफी बड़ी है और इसके नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में जीआरपी कानपुर सेंट्रल और आरपीएफ पोस्ट की संयुक्त टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप