कन्नौज: नगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा जनसैलाब
कन्नौज, 13 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कन्नौज नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों के साथ निकली यात्रा में जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के प्रभारी मंत्री राकेश सचान शामिल हुए। उनके साथ पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, पार्टी के सभी सम्मानित पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहा।
प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने इस अवसर पर कहा कि “आज कन्नौज की धरती पर निकली यह विशाल तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, एकता और अखंडता का विराट संदेश है। हमारे तिरंगे में देश के वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथा समाहित है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से हम सभी देश के प्रति अपने सम्मान और जिम्मेदारी का संकल्प ले रहे हैं। आइए, हम सब मिलकर विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”
पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि “तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस ध्वज के सम्मान के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज कन्नौज की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब उन सभी महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन कर रहा है, जिन्होंने हमें स्वतंत्र भारत का गौरव प्रदान किया। हम सभी संकल्प लें कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत की एकता, अखंडता और गौरव को सदैव मजबूत करेंगे।”
भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि “आज की विशाल तिरंगा यात्रा में कन्नौज के देवतुल्य कार्यकर्ताओं और राष्ट्रभक्त जनमानस की यह सहभागिता अभूतपूर्व है। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। हमारा तिरंगा हमें राष्ट्रसेवा, अनुशासन और एकता की प्रेरणा देता है। आइए, हम सभी अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें और भारत को और अधिक मजबूत एवं गौरवशाली बनाने का संकल्प लें।”
यात्रा के दौरान पूरा कन्नौज नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। तिरंगा हम सभी को राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
भव्य तिरंगा यात्रा में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, आनंद सिंह, मुनीश मिश्रा, शिल्पी भारती, विनीता चतुर्वेदी, दीपशिखा पाल, संध्या शर्मा, प्राची गुप्ता, अखिलेश पाण्डेय समेत जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस की बड़ी संख्या में सहभागिता ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बना दिया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

