औरैया में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के आगमन को लेकर तैयारियां तेज
औरैया, 21 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में आगामी गोरक्षार्थ (धर्मयुद्ध) यात्रा एवं धर्म ध्वजा (गौ ध्वजा) स्थापना कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को पीताम्बरेश्वर सरकार दरबार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य, ऐतिहासिक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक के दौरान यात्रा मार्ग, स्वागत व्यवस्था, मंच सज्जा, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित कराने के उद्देश्य से यह गोरक्षार्थ यात्रा निकाली जा रही है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं गौभक्त शामिल होंगे।
बैठक में चतुरंगनी सेना के अंगाध्यक्ष आचार्य महामंडलेश्वर शिवम महाराज, इटावा लोकसभा संयोजक गोपाल दीक्षित, औरैया नगर प्रभारी डॉ. हृदय नारायण अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक चंद्रशेखर अग्निहोत्री एवं जिला संयोजक अरविंद दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा भानु प्रकाश पाठक, सूर्य प्रकाश बाजपेयी, लल्ला तिवारी, आचार्य मुखिया जी समेत अन्य लोगों ने भी सहभागिता की।
सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार 02 जून 2026 को गोरक्षार्थ (धर्मयुद्ध) यात्रा निकाली जाएगी। 03 जून 2026 को धर्म ध्वजा (गौ ध्वजा) स्थापना कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन श्री गोपाल सेवा संस्थान, गोपाल वाटिका आश्रम, काली देवी मंदिर रोड, औरैया में किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

