home page

औरैया में उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा,धरातल पर आए 2248 करोड़ के एमओयू

 | 
औरैया में उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा,धरातल पर आए 2248 करोड़ के एमओयू


औरैया, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं एमओयू क्रियान्वयन तंत्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निवेश परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 1500 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य आवंटित किया गया है।

समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि अब तक 115 एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हो चुकी है। इनमें से 2248.1 करोड़ रुपये के 68 एमओयू धरातल पर स्थापित होकर उत्पादन भी शुरू कर चुके हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि इन निवेश परियोजनाओं का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और जनपद के सर्वांगीण विकास को गति देना है।

बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने शासन द्वारा साप्ताहिक बंदी नियमों में किए गए बदलावों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उद्योग बंधुओं और व्यापारी बंधुओं के साथ बैठक कर सभी को नए नियमों से अवगत कराया जाए। साथ ही समय-समय पर प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा ताकि नियमों का पालन प्रभावी ढंग से हो सके।

उद्योग बंधुओं ने बैठक में विद्युत आपूर्ति रोस्टर की अनिश्चितता का मुद्दा उठाया और निश्चित रोस्टर लागू करने की मांग की। इस पर अधिशाषी अभियंता विद्युत ने बताया कि विद्युत रोस्टर मांग के अनुसार परिवर्तित होता रहता है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रोस्टर की जानकारी उद्योग बंधुओं को समय पर उपलब्ध कराई जाए और किसी भी बदलाव की सूचना तत्काल दी जाए, ताकि उद्योग अपने संचालन की योजना बेहतर ढंग से बना सकें।

इसके अलावा उद्योग बंधुओं ने विकास खंड बिधूना और अछल्दा में मिनी इंडस्ट्रियल एरिया के अंतर्गत रिक्त भूखंडों के आवंटन की मांग भी रखी। जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को दोनों क्षेत्रों का निरीक्षण कर रिक्त भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार