उद्योग-अकादमिक सहयोग से बढ़ेगी रोजगार क्षमता: कुलपति
कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग से छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा और उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।” यह बातें मंगलवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में फिनएक्स के साथ एमबीए (फाइनेंशियल सर्विसेज) कार्यक्रम के लिए समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह के दौरान कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।
इस पहल के तहत स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, सीएसजेएमयू द्वारा एमबीए इन फाइनेंशियल सर्विसेज कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिससे छात्रों को वित्तीय क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण मिल सकेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को बैंकिंग, फाइनेंशियल मार्केट्स, निवेश, वेल्थ मैनेजमेंट, फिनटेक और रिस्क मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक एवं उद्योग-आधारित ज्ञान प्रदान करना है। पाठ्यक्रम में लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री सर्टिफिकेशन्स और विशेषज्ञ सत्र भी शामिल किए जाएंगे।
फिनएक्स के सीईओ हिमांशु व्यापक ने इस पहल को उद्योग और अकादमिक के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि इससे छात्रों को बेहतर करियर अवसर प्राप्त होंगे। समारोह में प्रो. सुधांशु पांडिया (निदेशक, एसबीएम), कुलसचिव राकेश शर्मा सहित प्रो. अंशु यादव, प्रो. नीरज कुमार सिंह, डॉ. चारु खान, डॉ. सुरेन्द्र कुमार, डॉ. विवेक सिंह सचान और डॉ. प्रशांत द्विवेदी उपस्थित रहे। इसके अलावा मनीष श्रीवास्तव और वंश शाही की भी कार्यक्रम में सहभागिता रही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

