home page

इंजीनियरिंग कॉलेज प्रशासन पर मारपीट का आरोप लगा छात्रों ने किया प्रदर्शन, दो शिक्षक निलंबित व चार पुलिस हिरासत में

 | 
इंजीनियरिंग कॉलेज प्रशासन पर मारपीट का आरोप लगा छात्रों ने किया प्रदर्शन, दो शिक्षक निलंबित व चार पुलिस हिरासत में


कानपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में बुधवार काे बिठूर थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में देर से पहुंचने पर छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर पिटाई का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। घटना में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। कॉलेज प्रबंधन ने दो अध्यापकों को सस्पेंड कर दिया। वहीं चार अध्यापकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

मंधना के जीटी रोड स्थित कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मौसम में बदलाव के चलते कॉलेज पहुंचने में देरी हो गयी। गेट पर मौजूद गार्ड गेट खोलने से इनकार दिया। वहीं विरोध करने पर कालेज के अध्यापकों ने हमारी लाठी, डंडो और बेल्टों से पिटाई कर दी। जिससे प्रियांशु, अभिषेक, कृष्ण, अग्रिम द्विवेदी, आकांक्षा, अस्मित सोनकर, अंजलि, मुस्कान, अंशिका और अनन्या घायल हो गएं। साथी छात्रों की पिटाई को देख वहां पर मौजूद अन्य छात्र भड़क गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे।

हंगामे की सूचना पर बिठूर थाने की पुलिस, एसीपी कल्याणपुर और डीसीपी मौके पर पहुंचे। घायल छात्रों को एंबुलेंस के जरिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्रों को हो रही समस्याओं के निस्तारण के लिए पुलिस ने लिखित शिकायत लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वहीं छात्रों का हंगामा बढ़ता देख कॉलेज प्रशासन ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर सुभाष चंद्र मौर्य व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के असिस्टेंट प्रोफेसर अनिल कुमार पाठक को सस्पेंड कर दिया और मामले की जांच के लिए कमेटी का भी गठन कर दिया गया है। इसके अलावा अध्यापक प्रशांत मिश्रा, शुभम गोयंका, शिवानी कपूर और रोहित वर्मा को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घायल छात्रों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इसके अलावा चार अध्यापकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप