home page

आर्थिक अभाव बच्चों की शिक्षा में बाधा न बने, 458 विद्यार्थियों को मिली शैक्षिक सामग्री

 | 
आर्थिक अभाव बच्चों की शिक्षा में बाधा न बने, 458 विद्यार्थियों को मिली शैक्षिक सामग्री


आर्थिक अभाव बच्चों की शिक्षा में बाधा न बने, 458 विद्यार्थियों को मिली शैक्षिक सामग्री


कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई में संसाधनों की कमी आड़े नहीं आनी चाहिए। इसी उद्देश्य से कोआपरेटिव इस्टेट, उद्योग नगर की ओर से संचालित कोआपरेटिव इस्टेट शिक्षा सदन जूनियर हाईस्कूल में 458 छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें, कापियां, विद्यालय बैग, यूनिफार्म, जूते-मोजे समेत अन्य शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। यह बातें सांसद रमेश अवस्थी ने शुक्रवार को सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन से किया। मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी और विद्यालय समिति के अध्यक्ष व लोक लेखा समिति के पूर्व सभापति अजय कपूर ने विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री वितरित की। इस दौरान कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने उद्यमियों के साथ सांसद का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

सांसद ने कहा कि श्रमिक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। उन्होंने उद्योग नगर के उन उद्यमियों के प्रति भी आभार जताया, जो बच्चों की पढ़ाई के लिए पुस्तकें, कापियां, स्टेशनरी, यूनिफार्म, जूते-मोजे और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं।

चेयरमैन विजय कपूर ने बताया कि कोआपरेटिव इस्टेट की ओर से वर्ष 2003 से विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। यहां बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने के साथ पढ़ाई से जुड़ी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है। विद्यार्थियों को कापी-किताब, यूनिफार्म, स्वेटर, बनियान, जूते-मोजे और टाई-बेल्ट आदि दिए जाते हैं। बच्चों को दोपहर का नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक 25 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। संस्था का उद्देश्य ऐसे बच्चों को शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है, जिनके परिवार आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनकी पढ़ाई का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने विद्यालय की शिक्षिकाओं के समर्पण और सेवाभाव की भी सराहना की।

अजय कपूर ने विद्यार्थियों से पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। अभिभावक बच्चों को विद्यालय भेज रहे हैं और उद्योग नगर के उद्यमी उनकी शिक्षा से जुड़ी जरूरतों में सहयोग कर रहे हैं, इसलिए विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए अपने माता-पिता, शिक्षकों और समाज का नाम रोशन करना चाहिए।

कार्यक्रम में हरीश ईसरानी, बसंत लाल विश्वकर्मा, बलराम नरूला, पंकज गिरधर, डिप्टी कुमार, कार्तिक कपूर, अजय गुप्ता, अर्पित अवस्थी, अनिल श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, अनूप कुशवाहा, अशोक जुनेजा, भीम सेन, बॉबी कपूर, ब्रह्मानंद तिवारी, समेत बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप