home page

आजाद समाज पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा, चिकित्सा व बिजली होगी मुफ्त:चन्द्रशेखर

 | 
आजाद समाज पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा, चिकित्सा व बिजली होगी मुफ्त:चन्द्रशेखर


फर्जी एनकाउंटर की कराई जाएगी निष्पक्ष जांच

शामली, 06 जून (हि.स.)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में आसपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर सभी को निःशुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएगी तथा प्रत्येक परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। बेघर परिवारों को 150 गज के प्लॉट पर पक्का मकान दिया जाएगा और पूर्ण शराबबंदी लागू कर शराब की दुकानों को लाइब्रेरी बना दिया जाएगा।

प्रदेशव्यापी सत्ता परिवर्तन यात्रा के तीसरे दिन शामली के खेड़ी करमू तथा डॉ. आंबेडकर प्रतिमा, अजंता चौक पर आयोजित रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फर्जी एनकाउंटर और बुलडोजर से मकान तोड़े जाने की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। न्यूनतम दैनिक वेतन 753 रुपये सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।

चंद्रशेखर ने कहा कि यात्रा में उमड़ रही भीड़ संकेत दे रही है कि प्रदेश में बदलाव की लहर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और घोषणाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि आगामी विधानसभा चुनाव अपेक्षा से पहले अक्टूबर में भी हो सकते हैं, इसलिए संगठन को अभी से चुनावी तैयारी में जुट जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आसपा की सरकार बनने पर स्मार्ट सिटी की बजाय स्मार्ट गांव विकसित किए जाएंगे। गांवों में पक्की सड़कें, बेहतर परिवहन, आधुनिक सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। महिलाओं और युवाओं को कुटीर उद्योगों के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे पलायन रुकेगा और गांव आत्मनिर्भर बनेंगे।

चंद्रशेखर ने बढ़ती बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताई तथा कहा कि नशाखोरी समाज की प्रगति में बड़ी बाधा है। इसलिए उनकी सरकार बनने पर घरों को बर्बाद कर रही शराब को पूरी तरह बंद करने की घोषणा की। ------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन