अधिवक्ता समाज के हित में निरंतर कार्य कर रही सरकार: कृषि मंत्री
देवरिया, 19 सितंबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को अधिवक्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अधिवक्ता परशुराम मिश्रा के मंगलाचरण से हुआ।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। अधिवक्ताओं के इलाज के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ न्यायालय परिसरों में बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता शोषित और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निष्पक्ष और पारदर्शी न्याय व्यवस्था में उनका योगदान अहम है। शासकीय अधिवक्ताओं के वेतन और मानदेय में वृद्धि भी सरकार ने की है।
सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि अधिवक्ता समाज को दिशा देने के साथ पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए न्यायिक अधिकारियों के समक्ष तथ्य और तर्क प्रस्तुत करते हैं। समारोह में कृषि मंत्री और सदर विधायक ने कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर उर्फ प्रीतम मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय गुप्ता सहित वरिष्ठ अधिवक्ताओं को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
रामानुज शुक्ला, उमेश नारायण श्रीवास्तव, चंद्रबली शुक्ल, इष्टदेव तिवारी, ओमप्रकाश मिश्रा, गिरीश शुक्ला, संदीप कुमार मिश्रा, सिंहासन गिरी, सिविल कोर्ट अध्यक्ष मनोज मिश्रा, सतीश चंद्रपति त्रिपाठी, पंचानन शुक्ला, मारकंडेय लाल श्रीवास्तव, राजेश कुमार पांडेय, श्रीराम त्रिपाठी, केसरी नाथ पांडेय, मोहन दूबे, आशुतोष सिंह, के.के. सिंह, इलियास अहमद और राघव पांडेय को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रसाद राठौर, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, ब्लॉक प्रमुख पथरदेवा सुब्रत शाही, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित अधिवक्ता और अधिकारी मौजूद रहे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

