ग्रैंडमास्टर मयंक चक्रवर्ती का गुवाहाटी में भव्य स्वागत
गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। असम और पूर्वोत्तर के पहले शतरंज ग्रैंडमास्टर बनने के बाद अपने गृह नगर लौटे मयंक चक्रवर्ती का गुरुवार को भव्य स्वागत किया गया। शहर में उनके आगमन पर खेल प्रेमियों, अधिकारियों और विभिन्न संगठनों ने ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उनका अभिनंदन किया।
17 वर्षीय मयंक चक्रवर्ती स्वीडन से कोलकाता होते हुए सुबह आज लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। भारत के 94वें ग्रैंडमास्टर बने मयंक का स्वागत खेल एवं युवा कल्याण निदेशालय के अधिकारियों, ऑल असम चेस एसोसिएशन के सदस्यों तथा कई संगठनों ने पारंपरिक असमिया गमछा और फूलों के गुलदस्तों के साथ किया।
दोपहर में दिसपुर सुपर मार्केट स्थित भोगेश्वरी फुकननी इंडोर स्टेडियम में खेल निदेशालय द्वारा एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां मयंक को उनकी उपलब्धि के सम्मान में 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। शाम के समय आनंद नगर स्थित उनके आवास पर गुवाहाटी स्पोर्ट्स एसोसिएशन, असम ओलंपिक एसोसिएशन सहित कई खेल संगठनों ने उन्हें सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि मयंक को वर्ष 2023 में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ असम द्वारा उभरते खिलाड़ी के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने 9 से 14 मार्च, 2026 तक स्वीडन में आयोजित 8वें जीएम टूर्नामेंट– होटल स्टॉकहोम नॉर्थ बाय फर्स्ट होटल्स यंग टैलेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 राउंड में 7 अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
आठवें राउंड में इंटरनेशनल मास्टर फिलिप लिंडग्रेन के खिलाफ निर्णायक जीत दर्ज कर मयंक ने एक राउंड शेष रहते ही ग्रैंडमास्टर का खिताब सुनिश्चित कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

