आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप म्यूनिख का आगाज कल, पहले दिन दो फाइनल मुकाबले
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) राइफल/पिस्टल वर्ल्ड कप के म्यूनिख चरण में प्रतियोगिताओं की शुरुआत कल यानी मंगलवार को होगी। पहले ही दिन पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। जर्मनी की राजधानी स्थित ओलंपियाशीसेनलागे में आयोजित खेलों में 80 देशों के 696 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें कई ओलंपिक और विश्व चैंपियन शामिल हैं।
भारत की 22 सदस्यीय टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है, जो राइफल और पिस्टल शूटिंग के दिग्गज खिलाड़ियों को चुनौती देगी। टीम में चार खिलाड़ी सीनियर स्तर पर पदार्पण कर रहे हैं। सूरज शर्मा, साक्षी पडेकार, अजेंद्र सिंह चौहान और उधयवीर सिद्धू, जो ओलंपिक स्पर्धा में अपने पहले सीनियर वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे। मुख्य टीम के अलावा 13 भारतीय खिलाड़ी रैंकिंग अंक के लिए भी म्यूनिख में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष
विश्व चैंपियन सम्राट राणा 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। उनके साथ शरवन कुमार और पदार्पण कर रहे अजेंद्र सिंह चौहान भी होंगे। भारतीय तिकड़ी का सामना दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पिस्टल निशानेबाजों से होगा, जिनमें चीन के हू काई सबसे प्रमुख हैं। हू काई ने पिछले साल चारों वर्ल्ड कप और वर्ल्ड कप फाइनल का स्वर्ण पदक जीता था।
अन्य प्रमुख दावेदारों में चीन के 19 वर्षीय बु शुआइहांग, जिन्होंने पिछले महीने ग्रेनाडा में स्वर्ण पदक जीता था, जर्मनी के दिग्गज क्रिश्चियन रिट्ज, पेरिस ओलंपिक पदक विजेता इटली के फेडेरिको निलो माल्दिनी और पाओलो मोन्ना, तुर्किये के यूसुफ डिकेच और ब्राजील के 2016 ओलंपिक रजत पदक विजेता फेलिपे अल्मेडा वू शामिल हैं। इस स्पर्धा में कुल 153 खिलाड़ी भाग लेंगे।
सम्राट इस सीजन में अच्छी फॉर्म में रहे हैं और उन्होंने नई दिल्ली में एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। शरवन तीन साल बाद वर्ल्ड कप में वापसी कर रहे हैं और एशियन चैंपियनशिप में अपने चौथे स्थान से बेहतर प्रदर्शन करना चाहेंगे, जबकि अजेंद्र अपने पहले वर्ल्ड कप में प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेंगे।
16 वर्षीय जोनाथन गैविन एंटनी और हर्ष स्वामी रैंकिंग अंक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
भारतीय चुनौती की अगुवाई ओलंपियन अर्जुन बाबुता करेंगे, जिन्होंने इस सीजन की शुरुआत एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर की थी। उनके साथ पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन पार्थ राकेश माने और शाहू तुषार माने होंगे। रुद्रांक्क्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों रैंकिंग अंक के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।
भारतीय निशानेबाजों के सामने दुनिया के कई दिग्गज होंगे, जिनमें चीन के लगातार विजेता शेंग लिहाओ और जर्मनी के विश्व चैंपियन मैक्सिमिलियन डालिंगर प्रमुख हैं। अन्य बड़े नामों में चीन के मा सिहान, हंगरी के इस्तवान पेनी मार्टन, इटली के फाइनल्स विश्व रिकॉर्डधारी डेनिलो डेनिस सोल्लाजो, चेकिया के जिरी प्रिव्रात्स्की, कजाकिस्तान के इस्लाम सतपायेव, नॉर्वे के जॉन-हरमन हेग, स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन और अनुभवी क्रोएशियाई पेटार गोर्सा तथा यूक्रेन के सेरही कुलिश शामिल हैं।
10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे (स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे) शुरू होगा, जबकि फाइनल शाम 5:30 बजे होगा। एयर राइफल क्वालिफिकेशन शाम 5:00 बजे (स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे) शुरू होगा और फाइनल रात 10:00 बजे खेला जाएगा। इसके अलावा मंगलवार को 25 मीटर पिस्टल महिला प्रिसीजन चरण और 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन महिला एलिमिनेशन भी आयोजित होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

