home page

दोहा विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय निशानेबाजों की तैयारी शुरू, 22 अक्टूबर से दिल्ली में शिविर

 | 
दोहा विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय निशानेबाजों की तैयारी शुरू, 22 अक्टूबर से दिल्ली में शिविर


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कतर की राजधानी दोहा में 01 से 14 नवंबर तक होने वाली आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय निशानेबाज 22 अक्टूबर से दिल्ली में तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय अभ्यास शिविर में राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाओं के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन को निखारना और उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तकनीकी, शारीरिक तथा मानसिक रूप से तैयार करना है।

राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अनुसार, विभिन्न स्पर्धाओं के लिए अभ्यास शिविर अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जाएगा। 10 मीटर राइफल और पिस्टल, पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल तथा स्कीट स्पर्धा के खिलाड़ी 22 से 29 अक्टूबर तक अभ्यास करेंगे। 50 मीटर राइफल और महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल के खिलाड़ियों का शिविर 31 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं, ट्रैप स्पर्धा के निशानेबाज 28 अक्टूबर से 4 नवंबर तक अभ्यास करेंगे।

मनु भाकर और सुरुचि पर रहेंगी निगाहें

10 मीटर एयर राइफल के पुरुष वर्ग में पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ मखीजा शामिल हैं। महिला वर्ग में शांभवी क्षीरसागर, सोनम उत्तम मस्कर और एलावेनिल वलारिवन अभ्यास करेंगी।

10 मीटर एयर पिस्टल के पुरुष वर्ग में रविन कुमार, जयपाल मालवीय और कमलजीत को जगह मिली है। महिला वर्ग में सानियम, सुरुचि और मनु भाकर भारतीय चुनौती पेश करेंगी।

50 मीटर राइफल स्पर्धा में पुरुष वर्ग से नीरज कुमार, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और अखिल श्योराण, जबकि महिला वर्ग से विदर्सा के. विनोद, आशी चौकसे और अंजुम मौदगिल शिविर में शामिल होंगी।

25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल के पुरुष वर्ग में सूरज शर्मा, गुरप्रीत सिंह और भावेश शेखावत अभ्यास करेंगे। महिला वर्ग में ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या टी.एस. शामिल हैं।

स्कीट और ट्रैप के खिलाड़ी भी कसेंगे तैयारी

स्कीट स्पर्धा के पुरुष वर्ग में मैराज अहमद खान, भवतेग सिंह गिल और अनंतजीत सिंह नरूका तथा महिला वर्ग में परिनाज ढालीवाल, गनीमत सेखों और रायजा ढिल्लों हिस्सा लेंगी।

ट्रैप के पुरुष वर्ग में जोरावर सिंह संधू, विवान कपूर और उदयवीर सिंह जैजी, जबकि महिला वर्ग में नीरू, मनीषा कीर और प्रगति दुबे को शामिल किया गया है। शिविर में मिश्रित टीम स्पर्धाओं के लिए भी खिलाड़ियों की जोड़ियां अभ्यास करेंगी।

एनआरएआई के हाई परफॉर्मेंस निदेशक डॉ. पियरे ब्यूशां ने कहा कि यह शिविर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण चरण है। प्रशिक्षकों के साथ मिलकर प्रत्येक खिलाड़ी के लिए प्रदर्शन के स्पष्ट मानक तय किए जाएंगे, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को मजबूत किया जा सके।

उन्होंने कहा कि क्वालिफिकेशन से फाइनल तक पहुंचने और पदक जीतने के प्रदर्शन का आकलन भी किया जाएगा। दोहा में होने वाली चैंपियनशिप लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 की कोटा प्रक्रिया की शुरुआत भी होगी। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 36 ओलंपिक कोटा स्थान दांव पर होंगे। ऐसे में भारतीय निशानेबाजों के लिए यह प्रतियोगिता प्रदर्शन के साथ ओलंपिक अभियान की दृष्टि से भी अहम होगी।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय