वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026: अहमदाबाद में प्रतियोगिता का आगाज
अहमदाबाद, 06 सितंबर (हि.स.)। गुजरात के प्रसिद्ध साबरमती रिवरफ्रंट पर रविवार को वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 की प्रतियोगिता का आधिकारिक आगाज हुआ। आधिकारिक अभ्यास और उपकरणों की जांच के बाद तीरंदाजों ने प्रतियोगिता के मुकाबलों में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पैरा रिकर्व क्वालिफिकेशन राउंड और व्यक्तिगत एलिमिनेशन राउंड आयोजित किए गए। पुरुष और महिला रिकर्व वर्गों में कुल 39 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया, जिनमें भारत के आठ तीरंदाज शामिल हैं।
भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार प्रदर्शन के साथ की। हरविंदर सिंह ने पैरा रिकर्व पुरुष क्वालिफिकेशन में 20 तीरंदाजों के बीच तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में भावना ने 19 तीरंदाजों के बीच तीसरा स्थान प्राप्त किया।
भारत के सभी आठ तीरंदाज अगले दौर में पहुंच गए हैं। पुरुष वर्ग में हरविंदर सिंह, परवीन, सहजवीर सिंह और विजय सुंडी, जबकि महिला वर्ग में भावना, पूजा कुमारी, राजश्री धनराज राठौड़ और पूजा ने अगले चरण में जगह बनाई।
महिला क्वालिफिकेशन में इंडोनेशिया शीर्ष पर रहा, जबकि पुरुष क्वालिफिकेशन में ईरान ने पहला स्थान हासिल किया।
इससे प्रतियोगिता के अगले चरण के मुकाबलों के लिए तस्वीर साफ हो गई है।
कल पैरा कंपाउंड में उतरेंगे भारतीय तीरंदाज
प्रतियोगिता के दूसरे दिन पैरा कंपाउंड वर्ग के तीरंदाज मैदान में उतरेंगे। भारत की ओर से शीटल देवी, पायल नाग और राकेश कुमार सहित प्रमुख तीरंदाज अपनी चुनौती पेश करेंगे।
पहले दिन के मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता अब निर्णायक चरण की ओर बढ़ रही है। आने वाले दिनों में विभिन्न वर्गों में क्वालिफिकेशन और एलिमिनेशन राउंड आयोजित किए जाएंगे। 8 और 9 सितंबर को फाइनल मुकाबले तथा पदक समारोह आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

