home page

जेमिमा की कमी खलेगी, लेकिन सफलता की भूखी है टीम इंडिया: अमोल मजूमदार

 | 
जेमिमा की कमी खलेगी, लेकिन सफलता की भूखी है टीम इंडिया: अमोल मजूमदार


दुबई, 29 अगस्त (हि.स.)। महिला एशिया कप में अपने अभियान की शुरुआत से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने टीम पर पूरा भरोसा जताया है। स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी को बड़ा नुकसान बताते हुए उन्होंने कहा कि टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए तैयार हैं। भारत रविवार को ग्रुप-ए के अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड से भिड़ेगा।

मजूमदार ने कहा कि जेमिमा टीम की अहम खिलाड़ी हैं और उनकी कमी जरूर महसूस होगी। फिलहाल उनका रिहैब बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चल रहा है। हालांकि, कोच को विश्वास है कि टीम में आए अन्य खिलाड़ी मौके का पूरा फायदा उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम सफलता के लिए बेहद उत्सुक है। हाल के समय में टीम ने वनडे और टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत ने अपने पिछले पांच टेस्ट मैचों में चार में जीत दर्ज की है और खिलाड़ी अब बड़े टूर्नामेंट जीतने के लिए भी बेताब हैं।

इस साल टी20 में टीम के प्रदर्शन पर उठ रहे सवालों को लेकर मजूमदार ने कहा कि आंकड़ों से ज्यादा जरूरी सुधार और योजनाओं को मैदान पर सही ढंग से लागू करना है। भारत ने इस साल खेले 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में नौ गंवाए हैं, लेकिन टीम अब अच्छी तैयारी को मैदान पर बेहतर प्रदर्शन और खिताबी सफलता में बदलने के लिए तैयार है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय