home page

ग्रेटर नोएडा में 5वीं राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ

 | 
ग्रेटर नोएडा में 5वीं राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ


ग्रेटर नोएडा, 03 मई (हि.स.)। व्हीलचेयर क्रिकेट इंडिया एसोसिएशन (डब्ल्यूसीआईए) की आयोजित 5वीं राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हो गया है। ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मशहूर फिल्म अभिनेता जैकी श्रॉफ ने शनिवार को चैंपियनशिप का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन किया।

यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट आज (3 मई) से 10 मई तक चलेगा। इसमें पूरे देश की शीर्ष टीमें एक रोमांचक “सुपर 5” ग्रैंड फाइनल फ़ॉर्मेट में प्रतिस्पर्धा करेंगी, जो भारत में व्हीलचेयर क्रिकेट के उच्चतम स्तर को प्रदर्शित करेगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए अभिनेता जैकी श्रॉफ ने खिलाड़ियों के जुनून और दृढ़ संकल्प से बेहद प्रभावित होकर एक प्रेरणादायक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि सभी के लिए मेरा संदेश यह है कि जिंदगी में बिंदास रहो। ये खिलाड़ी बहुत अच्छा खेल रहे हैं। मैंने इन खिलाड़ियों को देखा और उनके जुनून को देखकर मैं अभिभूत हो गया। उन्होंने कहा कि मैं हर साल यहां आना चाहता हूं और इन खिलाड़ियों का समर्थन करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि स्पॉन्सर भी इनका समर्थन करें। बड़ी कंपनियां आगे आकर इन्हें स्पॉन्सर करें।

कार्यक्रम के महत्व को और बढ़ाते हुए दिव्यांग क्रिकेट परिषद ऑफ इंडिया (डीसीसीआई) के सचिव रवि कांत चौहान ने खेलों में संस्थागत सहयोग और समावेशिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 5वीं राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप इन एथलीटों के जबरदस्त हौसले और जज्बे का सबूत है। ऐसे मंच यह पक्का करने में बहुत अहम हैं कि शारीरिक सीमाओं से परे भी प्रतिभा को पहचान मिले। हम ऐसी पहलों का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो समावेशिता को बढ़ावा देती हैं और विशेष रूप से सक्षम खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए समान अवसर प्रदान करती हैं।

व्हीलचेयर क्रिकेट इंडिया एसोसिएशन एथलीटों को सशक्त बनाने और पूरे देश में व्हीलचेयर क्रिकेट को बढ़ावा देने में लगातार एक अहम भूमिका निभा रहा है, और यह चैंपियनशिप इसकी प्रमुख प्रतियोगिताओं में से एक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह