home page

एशियाई खेलों में दो रजत पदक जीतने वाली विदरसा केरल खेल निदेशालय में सहायक निदेशक नियुक्त

 | 
एशियाई खेलों में दो रजत पदक जीतने वाली विदरसा केरल खेल निदेशालय में सहायक निदेशक नियुक्त


तिरुवनंतपुरम, 19 नवंबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में भारत के लिए दो रजत पदक जीतने वाली भारतीय निशानेबाज विदरसा विनोद को केरल खेल निदेशालय में सहायक निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने गुरुवार को विदरसा को नियुक्ति पत्र सौंपा।

मुख्यमंत्री सतीशन ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि आज मेरे दिन की शुरुआत बहुत सुखद रही क्योंकि मुझे अपने कार्यालय में एशियाई खेलों की दोहरी रजत पदक विजेता विदरसा के. विनोद को नियुक्ति पत्र सौंपने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शानदार उपलब्धियों से केरल और पूरे देश का मान बढ़ाने वालीं विदरसा अब राज्य खेल निदेशालय में सहायक निदेशक के रूप में अपने करियर के नए अध्याय की शुरुआत कर रही हैं। इस क्षण को उनके परिवार के साथ साझा करना विशेष रूप से सुखद रहा, जो उनकी इस प्रेरणादायक यात्रा का अहम हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे खेल चैंपियंस न केवल अपनी उपलब्धियों के लिए सम्मान पाने के हकदार हैं बल्कि उन्हें एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य बनाने के अवसर भी मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं विदरसा को उनकी नई भूमिका के लिए ढेर सारी सफलता और भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं देता हूं। उनकी यह यात्रा केरल में खेल प्रतिभाओं की अगली पीढ़ी को प्रेरित करती रहे। इस अवसर पर राज्य के खेल मंत्री ओ.जे. जनीश भी मौजूद थे।

विदरसा ने एशियाई खेलों 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एलावेनिल वलारिवन और सोनम मस्कर के साथ मिलकर कुल रजत पदक जीता था। इसके अलावा महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन और आशी चौकसे के साथ मिलकर दूसरा रजत पदक हासिल किया था।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह