home page

प्रदेश स्तरीय अंडर 20 फुटबॉल चैम्पियनशिप : वाराणसी और झांसी मंडल की टीमें जीतीं

 | 
प्रदेश स्तरीय अंडर 20 फुटबॉल चैम्पियनशिप : वाराणसी और झांसी मंडल की टीमें जीतीं


गोरखपुर ने रोमांचक मुकाबले में टाईब्रेकर के जरिए जीत हासिल की

मुरादाबाद, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में प्रदेश स्तरीय अंडर-20 फुटबॉल चैम्पियनशिप के तीसरे दिन गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में वाराणसी और झांसी मंडल ने दमदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की, जबकि गोरखपुर ने रोमांचक मुकाबले में टाईब्रेकर के जरिए जीत हासिल की।

चैम्पियनशिप को लेकर जिला फुटबॉल एसोसिएशन अमरोहा के सचिव नसीम इकबाल ने बताया कि पहले मुकाबले में झांसी मंडल ने आगरा को एकतरफा 4-0 से हराकर अगले चक्र में जगह बनाई। झांसी के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और आगरा को संभलने का मौका नहीं दिया।

दूसरे मुकाबले में गोरखपुर और लखनऊ मंडल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद निर्णायक ने लिया, जिसमें गोरखपुर ने 4-3 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। गोरखपुर के पास अच्छे खिलाड़ी होने के बावजूद तालमेल की कमी साफ नजर आई।

वहीं तीसरा मुकाबला मेजबान मुरादाबाद और वाराणसी मंडल के बीच खेला गया। मुरादाबाद ने घरेलू मैदान का फायदा उठाने की कोशिश की, लेकिन वाराणसी के खिलाड़ियों ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। वाराणसी ने लगातार हमले किए, हालांकि मुरादाबाद के गोलकीपर जाने आलम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई आसान दिखने वाले गोल बचाए और दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इसके बावजूद वाराणसी ने 4-0 से जीत दर्ज की।

दिन के अंतिम मुकाबले में आजमगढ़ और प्रयागराज मंडल आमने-सामने रहे, जिसमें आजमगढ़ ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत अपने नाम की।

प्रतियोगिता का संचालन जिला फुटबॉल एसोसिएशन महासचिव नासिर कमाल ने किया। निर्णायक मंडल में हाजी मुनव्वर, सौरभ कुमार सिंह, रमेश जैसल, मो. फरमान, सानिया सलीम, निशिता सिंह शामिल रहीं।

इस अवसर पर जिला फुटबॉल एसोसिएशन शकील अहमद, जिला फुटबॉल एसोसिएशन सीनियर वाइस प्रेसीडेंट उस्मान खान, सहायक सचिव, माधुरी देवी, आमिर मिर्जा, सुरेंद्र पाल सिंह, कोषाध्यक्ष शुजा उद्दीन खान, मंसूर अली आदि मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल