home page

वैंडविंकेल ने अडकर का ऐतिहासिक सफर रोका, आईटीएफ डब्ल्यू-100 बेंगलुरु खिताब जीता

 | 
वैंडविंकेल ने अडकर का ऐतिहासिक सफर रोका, आईटीएफ डब्ल्यू-100 बेंगलुरु खिताब जीता


बेंगलुरु, 22 फरवरी (हि.स.)। बेल्जियम की तीसरी वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर 124 हैने वैंडविंकेल ने केपीबी ट्रस्ट आईटीएफ विमेंस ओपन डब्ल्यू-100 बेंगलुरु 2026 के फाइनल में भारत की युवा खिलाड़ी वैश्वनी अडकर को 6-0, 6-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

पुणे की 21 वर्षीय अडकर, जो विश्व रैंकिंग में 690वें स्थान पर हैं और वाइल्डकार्ड के जरिए टूर्नामेंट में उतरी थीं, ने फाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचा था। वह आईटीएफ डब्ल्यू100 स्तर के फाइनल में पहुंचने वाली सानिया मिर्जा के बाद पहली भारतीय महिला बनी थीं। हालांकि खिताबी मुकाबले में वांडेविंकेल का अनुभव और निरंतरता भारी पड़ी।

मैच की शुरुआत से ही बेल्जियम की खिलाड़ी ने दबदबा बनाया। पहले ही गेम में ब्रेक हासिल कर उन्होंने 3-0 की बढ़त बना ली और अडकर की गलतियों का फायदा उठाते हुए 6-0 से पहला सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में भी उन्होंने शुरुआती ब्रेक लेकर नियंत्रण कायम रखा।

अडकर ने तीसरे गेम में सर्विस होल्ड कर संघर्ष के संकेत दिए और चौथे गेम में तीन ब्रेक प्वाइंट भी हासिल किए, लेकिन वैंडविंकेल ने संयम दिखाते हुए वापसी की और 3-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने लगातार दबाव बनाए रखा और सातवें गेम में दूसरा मैच प्वाइंट भुनाते हुए महज एक घंटे से कुछ अधिक समय में मुकाबला समाप्त कर दिया।

खिताब जीतने पर वैंडविंकेल को 100 डब्ल्यूटीए रैंकिंग अंक और 15,239 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि मिली। उपविजेता अडकर को 65 अंक और 8,147 अमेरिकी डॉलर प्राप्त हुए, जिससे उनकी रैंकिंग में बड़ा सुधार होगा।

मैच के बाद वैंडविंकेल ने कहा कि वह शुरुआत से ही सतर्क थीं क्योंकि अडकर ने टूर्नामेंट में कई मजबूत खिलाड़ियों को हराया था। वहीं अडकर ने इस सप्ताह को अपने करियर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कठिन वर्ष के बाद यह प्रदर्शन उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती देगा।

भले ही फाइनल में जीत न मिल सकी, लेकिन अडकर का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन भारतीय महिला टेनिस के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। अनुमान है कि वह पहली बार शीर्ष 500 में प्रवेश करेंगी और देश की दूसरी सर्वोच्च रैंकिंग वाली खिलाड़ी बन सकती हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय