home page

यूपी टी20: मोहम्मद सैफ के तूफानी अर्धशतक से जीता लखनऊ फाल्कंस, काशी रुद्रास को 14 रन से हराया

 | 
यूपी टी20: मोहम्मद सैफ के तूफानी अर्धशतक से जीता लखनऊ फाल्कंस, काशी रुद्रास को 14 रन से हराया


लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.)। मोहम्मद सैफ की शानदार 89 रनों की पारी के दम पर लखनऊ फाल्कंस ने यूपी टी20 लीग सीजन-4 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 17वें मुकाबले में लखनऊ ने डिफेंडिंग चैंपियन काशी रुद्रास को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के तहत 14 रन से हरा दिया।

टॉस जीतकर काशी रुद्रास ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन लखनऊ के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ और हिमांशु सिंह ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 67 रन जोड़े।

हिमांशु सिंह 22 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अजित वर्मा भी 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, एक छोर पर मोहम्मद सैफ मजबूती से डटे रहे और उन्होंने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की।

मोहम्मद सैफ ने 57 गेंदों में 89 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनकी पारी में तीन चौके और सात छक्के शामिल रहे। सैफ की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत लखनऊ फाल्कंस ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 174 रन बनाए।

काशी रुद्रास की ओर से अतल बिहारी विपिन राय ने 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान करण शर्मा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट झटके।

175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत बेहद खराब रही। लखनऊ के तेज गेंदबाज अक्षु बाजवा ने नई गेंद से शानदार गेंदबाजी करते हुए शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। उन्होंने काशी को 17 रन पर तीन झटके दिए, जिसमें कप्तान करण शर्मा का गोल्डन डक भी शामिल था।

इम्पैक्ट प्लेयर उवैश अहमद ने 17 गेंदों में 29 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन विप्रज निगम ने उन्हें आउट कर दिया। इसके बाद लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने उपेंद्र यादव का विकेट लेकर काशी की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

14 ओवर में काशी रुद्रास का स्कोर 5 विकेट पर 104 रन था, तभी तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और डीएलएस नियम के तहत काशी की टीम निर्धारित लक्ष्य से 14 रन पीछे रही।

शानदार 89 रनों की पारी के लिए मोहम्मद सैफ को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने सैफ की तारीफ करते हुए कहा कि वह टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से हैं और पूरे टूर्नामेंट में टीम की उम्मीदों पर खरे उतर रहे हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय