home page

यूपी टी20 2026 : मेरठ मावेरिक्स की लगातार सातवीं जीत के साथ कर्ण शर्मा ने लिया संन्यास

 | 
यूपी टी20 2026 : मेरठ मावेरिक्स की लगातार सातवीं जीत के साथ कर्ण शर्मा ने लिया संन्यास


लखनऊ, 25 अगस्त (हि.स.)। यूपी टी20 लीग 2026 में मेरठ मावेरिक्स का विजयी अभियान जारी है। भारी बारिश के कारण पांच-पांच ओवरों तक सीमित मुकाबले में मेरठ ने कानपुर सुपरस्टार्स को 19 रन से हराकर लगातार सातवीं जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला अनुभवी लेग स्पिनर कर्ण शर्मा के प्रतिस्पर्धी क्रिकेट करियर का आखिरी मैच भी रहा।

कर्ण शर्मा को मैदान पर भावुक विदाई दी गई। गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ संजय कपूर ने उन्हें क्रिकेट में उनके योगदान के लिए विशेष स्मृति चिह्न भेंट किया, जबकि खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरते समय उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी कानपुर की टीम के सामने मेरठ ने पांच ओवर में 3 विकेट पर 96 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। कप्तान रिंकू सिंह ने महज 10 गेंदों में 30 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम की रफ्तार बढ़ाई। अपने अंतिम मुकाबले में कर्ण शर्मा ने रिंकू का अहम विकेट लेकर गेंदबाजी करियर का शानदार अंत किया।

97 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर ने तेज शुरुआत की। आदर्श सिंह ने आठ गेंदों पर 28 और कप्तान समीर रिजवी ने 13 गेंदों पर 22 रन बनाए। लेकिन इसके बाद मेरठ के स्पिनर जीशान अंसारी ने मैच का रुख पलट दिया।

जीशान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच ओवर के मुकाबले में 3 विकेट झटके और कानपुर की पारी को 3 विकेट पर 77 रन तक सीमित कर दिया। उनके निर्णायक प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने लगातार सातवीं जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखा, जबकि कानपुर सुपरस्टार्स को छह मुकाबलों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय