home page

उत्तर प्रदेश ने 5वीं राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब जीता

 | 
उत्तर प्रदेश ने 5वीं राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब जीता


ग्रेटर नोएडा, 10 मई (हि.स.)। ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय पथिक स्टेडियम में हरियाणा के खिलाफ एक रोमांचक फाइनल में जीत हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश ने 5वीं राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। सोमजीत सिंह की कप्तानी में उत्तर प्रदेश ने तीसरी बार राष्ट्रीय खिताब जीता, जिससे भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट में उनका दबदबा और भी मजबूत हो गया।

शनिवार को खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 191 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में हरियाणा ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 186 रन बनाए, लेकिन जीत से वह महज 5 रन से पीछे रह गए।अनिल सिंहानिया को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए 27 महत्वपूर्ण रन बनाए और 2 विकेट भी लिए।

फाइनल मुकाबले में अतिथि के रूप में फरीदाबाद से भाजपा युवा नेता अमन गोयल, विश्व हिंदू परिषद से बाल किशन शर्मा, फिजिकल चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया और व्हीलचेयर क्रिकेट इंडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह शामिल थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए पूरे देश में व्हीलचेयर क्रिकेट के तेजी से हो रहे विकास की तारीफ की।

उत्तर प्रदेश टीम के कप्तान सोमजीत सिंह ने इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय टीम की एकता, कड़ी मेहनत और जुझारू जज्बे को दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह