home page

खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास का विकास करते हैं: प्रो.बिहारी लाल शर्मा

 | 
खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास का विकास करते हैं: प्रो.बिहारी लाल शर्मा


-उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में चयन

वाराणसी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर महाविद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में किया गया है। असम के तेजपुर में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी रिकर्व, इंडियन, कंपाउंड और महिला रिकर्व स्पर्धाओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों ने अपने खेल-कौशल, एकाग्रता और लक्ष्य भेदन क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। रिकर्व राउंड में विशु, विशाल सिंह, अक्षत सिंह और जयकुमार का चयन हुआ। वहीं, इंडियन राउंड में अंकित निषाद, भार्गव, निहाल चौहान और महेश पटेल ने स्थान बनाया। कंपाउंड राउंड में अंश सिंह तथा महिला रिकर्व राउंड में वर्षा जटराना का चयन किया गया।

कुलपति ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प जैसे गुणों का विकास करते हैं। खेल न केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत बनाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रति प्रतिबद्ध है। कुलपति ने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।

नियमित अभ्यास और समर्पण सफलता का आधार

विश्वविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. कुप्पा बिल्वेश ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, समर्पण और खेल भावना सफलता के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय की टीम आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करेगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के तीरंदाजी खेल प्रशिक्षक आदित्य कुमार भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी