home page

खेल की समझ और अनुभव रखने वाले योग्य लोगों के हाथों में हो प्रशिक्षण की जिम्मेदारी : आरपी भटनागर

 | 
खेल की समझ और अनुभव रखने वाले योग्य लोगों के हाथों में हो प्रशिक्षण की जिम्मेदारी : आरपी भटनागर


प्रयागराज, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व यूपी रणजी ट्रॉफी चयनकर्ता एवं इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक आरपी भटनागर ने सोमवार को हुई औपचारिक बातचीत के दौरान शहर में संचालित कुछ क्रिकेट अकादमियों की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कुछ अकादमियों का संचालन ऐसे लोग कर रहे हैं, जिन्होंने स्वयं कभी प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट नहीं खेला। इससे युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और क्रिकेट के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

आरपी भटनागर ने कहा कि क्रिकेट अकादमी चलाना बड़ी जिम्मेदारी है। युवा खिलाड़ियों को सही प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा को निखारने के पर्याप्त अवसर मिलना जरूरी है। केवल व्यावसायिक हितों को प्राथमिकता देने के बजाय खिलाड़ियों के भविष्य और क्रिकेट के विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट अकादमियों की जिम्मेदारी ऐसे योग्य और अनुभवी लोगों को दी जानी चाहिए, जिन्हें खेल की बारीकियों की अच्छी समझ हो। प्रशिक्षक और अकादमी संचालक खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ उनके अनुशासन, खेल भावना और सर्वांगीण विकास के प्रति भी समर्पित हों।

भटनागर ने कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर युवा प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकते हैं और इससे शहर के क्रिकेट को मजबूत आधार मिलेगा। उन्होंने क्रिकेट अकादमियों से खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल