जिलाधिकारी ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का किया औचक निरीक्षण, खिलाड़ियों से की बातचीत
हाथरस, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम परिसर में उपलब्ध खेल सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। खिलाड़ियाें से भी बात कर सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विभिन्न खेल मैदानों, जिम, बैडमिंटन कोर्ट, शूटिंग रेंज और निर्माणाधीन खेल सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि स्टेडियम में क्रीड़ा अधिकारी सहित तीन प्रशिक्षक तैनात हैं, जिनके माध्यम से एथलेटिक्स, जूडो, वेटलिफ्टिंग और फुटबॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिम के साथ तीन बैडमिंटन कोर्ट भी संचालित हैं। जिलाधिकारी ने क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच को जल्द तैयार कर शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही मैदान में जरूरत के अनुसार मिट्टी डलवाकर समतलीकरण और ग्रास कटिंग कराने को कहा। हाई जंप व लॉन्ग जंप के लिए निर्धारित स्थानों पर उचित मिट्टी की व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने निर्माणाधीन वॉलीबॉल, लॉन टेनिस और बास्केटबॉल कोर्ट की प्रगति की जानकारी ली। मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा। शूटिंग रेंज में उपकरण उपलब्ध होते ही संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत की। खिलाड़ियों ने बताया कि वे सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। डीएम ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ पीएन दीक्षित, एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, एडीएम न्यायिक प्रकाश चंद्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

